पान सिंह तोमर की पोती ने JE को मारा थप्पड़, वीडियो वायरल; क्या है पूरा मामला?

सपना तोमर, चंबल के कुख्यात डकैत पान सिंह तोमर की पोती, ने स्मार्ट मीटर लगाने गई बिजली विभाग की टीम पर हमला किया। थप्पड़ मारने और फोन तोड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। जानें पूरा मामला और सपना तोमर की पृष्ठभूमि।

पान सिंह तोमर की पोती ने JE को मारा थप्पड़, वीडियो वायरल; क्या है पूरा मामला?
वायरल वीडियो से ली गई फोटो

स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान एक अप्रत्याशित घटना ने सबका ध्यान खींचा, जब चंबल के कुख्यात डकैत पान सिंह तोमर की पोती सपना तोमर ने बिजली विभाग की टीम पर हमला कर दिया। यह घटना बबीना की पंजाबी कॉलोनी में हुई, जहां बिजली विभाग के अधिकारियों ने डिजिटल मीटर की जगह स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू की थी।

सपना तोमर, जो एक सैन्य अधिकारी की बेटी और चंबल के बागी पान सिंह तोमर की पौती हैं, ने टीम के JE वैभव कुमार रावत को थप्पड़ मार दिए और उनका मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिया। टीम के अन्य कर्मचारियों ने किसी तरह JE को बचाया। इस हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

सपना तोमर के दादा, पान सिंह तोमर, मुरैना जिले के भिडोसा गांव के निवासी थे और अपनी युवावस्था में भारतीय सेना में सेवाएं देते थे। लेकिन सिस्टम के खिलाफ संघर्ष ने उन्हें डकैत बनने पर मजबूर कर दिया। पुलिस मुठभेड़ में उनकी मृत्यु के बाद, उनका परिवार झांसी के बबीना क्षेत्र में बस गया। सपना के पिता, शिवराम सिंह तोमर, भारतीय सेना में सूबेदार पद से रिटायर हुए हैं। वर्तमान में परिवार बबीना में रहता है।

क्या है पूरा मामला?
अपर अभियंता वैभव कुमार रावत और उनकी टीम बुधवार को पंजाबी कॉलोनी में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे। जब सपना तोमर ने इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया। बातचीत के दौरान सपना अचानक आक्रामक हो गईं और JE पर हमला कर दिया। पुलिस ने JE की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सपना तोमर का यह आक्रामक व्यवहार चर्चा का विषय बना हुआ है।