अमेरिका से भारत को परमाणु धमकी! पाक आर्मी चीफ असीम मुनीर के बयान पर भड़का भारत, बोला – 'ये ब्लैकमेल अब नहीं चलेगा'

अमेरिका में पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर ने भारत को परमाणु हमले की धमकी दी। विदेश मंत्रालय ने सख्त प्रतिक्रिया देकर कहा – यह ब्लैकमेल अब नहीं चलेगा।

अमेरिका से भारत को परमाणु धमकी! पाक आर्मी चीफ असीम मुनीर के बयान पर भड़का भारत, बोला – 'ये ब्लैकमेल अब नहीं चलेगा'
विदेश मंत्रालय (MEA) प्रवक्ता रणधीर जायसवाल

पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने अमेरिका की यात्रा के दौरान भारत के खिलाफ बेहद विवादित और भड़काऊ बयान दिया। उन्होंने फ्लोरिडा में पाकिस्तानी प्रवासी समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि पाकिस्तान एक परमाणु संपन्न राष्ट्र है और अगर किसी ने पाकिस्तान को खत्म करने की कोशिश की, तो वह आधी दुनिया को साथ ले जाएगा।

सिंधु नदी पर मिसाइल हमले की धमकी
मुनीर ने अपने भाषण में भारत के सिंधु नदी पर बनने वाले डैम का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले डैम बनने दीजिए, फिर हम उसे मिसाइल अटैक से तोड़ देंगे। यह बयान साफ तौर पर भारत की जल-परियोजनाओं पर सीधी धमकी मानी जा रही है।

विदेश मंत्रालय की सख्त प्रतिक्रिया
भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने असीम मुनीर के इस बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि यह पाकिस्तान की 'परमाणु तलवारें लहराने' वाली पुरानी आदत का ताज़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय देख सकता है कि पाकिस्तान किस तरह गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाता है और आतंकवादी संगठनों के साथ उसकी सेना की मिलीभगत कितनी खतरनाक है।

अमेरिका पर भी साधा निशाना
विदेश मंत्रालय ने अमेरिका को भी परोक्ष रूप से चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यह अफसोस की बात है कि ऐसे भड़काऊ बयान एक ऐसे देश की धरती से दिए जा रहे हैं, जिससे भारत के अच्छे संबंध हैं। साथ ही भारत ने यह भी दोहराया कि वह परमाणु ब्लैकमेल के आगे कभी नहीं झुकेगा और अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा।

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, फ्लोरिडा के टैम्पा में मुनीर का बयान इस बात का सबूत है कि पाकिस्तान एक गैर-जिम्मेदार परमाणु राष्ट्र है और वहां सेना का लोकतंत्र से ऊपर प्रभाव है। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान की सेना अक्सर अमेरिका के समर्थन के समय ज्यादा आक्रामक हो जाती है, और यही प्रवृत्ति इस बार भी देखने को मिली।