पटना में कारोबारी की सरेआम हत्या का CCTV आया सामने, मुकेश सहनी बोले– बिहार में खुला राक्षसराज
पटना में नामी कारोबारी गोपाल खेमका की सरेआम हत्या का CCTV फुटेज सामने आया है। आरोपी पहले से घर के बाहर घात लगाकर बैठा था और सिर में गोली मारकर फरार हो गया। इस घटना ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पढ़ें पूरी रिपोर्ट और विपक्ष की तीखी प्रतिक्रिया।
पटना के नामी कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या के बाद बिहार में कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। शुक्रवार देर रात क़रीब 11:45 बजे (पौने 12) हुई इस सनसनीखेज़ वारदात का CCTV फुटेज सामने आया है। वीडियो में साफ़ दिख रहा है कि हमलावर पहले से खेमका के घर के बाहर दो कारों के बीच अपनी स्कूटी के साथ छिपा हुआ था।
जैसे ही गोपाल खेमका की कार घर के सामने आकर रुकी, स्कूटी छोड़कर आरोपी उनके पास पहुंचा और बेहद क़रीब से सिर में गोली मार दी। इसके बाद वह आराम से अपनी स्कूटी लेकर फरार हो गया।
फुटेज में दिखा दूसरा शख्स मोबाइल पर बात करते हुए
CCTV फुटेज में एक और चौंकाने वाला नज़ारा दिखा। जिस वक्त आरोपी दो कारों के बीच छिपकर खेमका का इंतजार कर रहा था, ठीक उसी वक्त वहीं पास में एक व्यक्ति मोबाइल फोन पर बात करता दिखा। इस बीच खेमका की कार और उनके साथ आई दूसरी कार घर के बाहर रुकी। जैसे ही खेमका अपनी गाड़ी से उतरे, आरोपी ने उन पर फायरिंग कर दी। हैरान करने वाली बात यह रही कि गोली मारने के बाद भी किसी ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश नहीं की।
घायल गोपाल खेमका को तत्काल पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि हमलावर बाइक/स्कूटी पर सवार होकर आए थे और उन्होंने सिर में नज़दीक से गोली मारी।
मामले की जांच के लिए SIT गठित, विपक्ष का नीतीश सरकार पर हमला
बिहार के डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि इस हत्याकांड की जांच के लिए Special Investigation Team (SIT) बनाई गई है। एसपी सिटी सेंट्रल इस एसआईटी का नेतृत्व करेंगे।
वहीं, विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी ने इस घटना को लेकर नीतीश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने फेसबुक पोस्ट में लिखा, पटना में नामी बिजनेसमैन गोपाल खेमका की सरेआम हत्या ने बिहार को दहला दिया है। राज्य में हत्या, लूट, अपहरण आम हो गया है। सुशासन सरकार गहरी नींद में है। आम आदमी तो दूर, अब बड़े कारोबारी भी सुरक्षित नहीं हैं। बिहार में अब सुशासन नहीं, खुला राक्षसराज चल रहा है।
सहनी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को चेताते हुए कहा कि अब बैठक पर बैठक का खेल बंद होना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि आखिर कितनी बार हत्याओं के बाद सिर्फ ‘कार्रवाई’ की बातें होती रहेंगी? उन्होंने कहा कि बिहार में अब बहुत हो चुका है। रोज़ हत्या, दुष्कर्म, लूट और डकैती की घटनाएं आम हो गई हैं और सरकार चुप है।


आँखें न्यूज़ 24 




