पटना में महिला मेगा जॉब फेयर का धमाकेदार आगाज, पहले ही दिन 1188 महिलाओं को मिली नौकरी

पटना के ज्ञान भवन में आयोजित महिला मेगा जॉब फेयर के पहले दिन 1188 महिलाओं को विभिन्न कंपनियों में रोजगार मिला। बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग के इस दो दिवसीय आयोजन में करीब 50 कंपनियों ने हिस्सा लिया।

पटना में महिला मेगा जॉब फेयर का धमाकेदार आगाज, पहले ही दिन 1188 महिलाओं को मिली नौकरी

बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास निगम की ओर से पटना के ज्ञान भवन में दो दिवसीय महिला मेगा जॉब फेयर की शुरुआत हुई। 16 से 17 मार्च तक आयोजित इस रोजगार मेले के पहले ही दिन बड़ी संख्या में महिलाओं को रोजगार का अवसर मिला। कार्यक्रम के पहले दिन कुल 1188 महिलाओं का चयन विभिन्न कंपनियों में किया गया। इस आयोजन में करीब 50 राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने हिस्सा लिया और कई क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।

बिहार के कोने-कोने से पहुंचीं हजारों महिलाएं
रोजगार की तलाश में बिहार के दूरदराज़ और सुदूर इलाकों से बड़ी संख्या में महिलाएं पटना पहुंचीं। लगभग 5500 महिलाएं इस जॉब फेयर में शामिल हुईं। राज्य के लगभग सभी जिलों से आई प्रतिभागियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया। ग्रामीण और शहरी पृष्ठभूमि से आने वाली युवतियां, पढ़ी-लिखी बेरोजगार महिलाएं, कौशल प्रशिक्षण प्राप्त प्रतिभागी और विभिन्न सामाजिक-आर्थिक वर्गों की महिलाएं इस मेले में बड़ी संख्या में दिखाई दीं।

प्रतिभागियों के लिए पंजीकरण से इंटरव्यू तक बेहतर व्यवस्था
ज्ञान भवन परिसर में प्रतिभागियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई थीं। पंजीकरण, काउंसलिंग, इंटरव्यू और चयन की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित बनाने के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। दूर से आने वाली महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनके सुरक्षित आवागमन के लिए विशेष व्यवस्था भी की गई थी, ताकि उन्हें पटना आने-जाने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

ऑन-द-स्पॉट इंटरव्यू और मौके पर मिला ऑफर लेटर
जॉब फेयर की पूरी प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से संचालित किया गया। सबसे पहले महिलाओं का पंजीकरण किया गया, फिर उनकी योग्यता और रुचि के आधार पर काउंसलिंग की गई। इसके बाद विभिन्न कंपनियों ने मौके पर ही इंटरव्यू लिए। इंटरव्यू में सफल उम्मीदवारों को तुरंत चयनित कर उन्हें वहीं ऑफर लेटर भी दिए गए। इससे महिलाओं को सीधे कंपनियों से जुड़कर जल्दी रोजगार पाने का मौका मिला।

कई क्षेत्रों में खुली रोजगार की नई संभावनाएं
इस रोजगार मेले में इलेक्ट्रॉनिक्स, वस्त्र और स्वास्थ्य से जुड़े क्षेत्रों में सबसे अधिक नियुक्तियां देखने को मिलीं। इसके अलावा खुदरा व्यापार, आतिथ्य सेवा, स्वास्थ्य सेवाएं, सूचना प्रौद्योगिकी और बीपीओ, विनिर्माण तथा सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। खास बात यह रही कि कई ऐसे क्षेत्र, जिन्हें आमतौर पर पुरुष प्रधान माना जाता है, उनमें भी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी दिखाई।

बड़ी कंपनियों ने भी दिए रोजगार के मौके
इस जॉब फेयर में कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। इनमें ब्लिंकिट, फ्लिपकार्ट, बजाज ऑटो लिमिटेड, मुथूट फाइनेंस, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, क्रोमा (टाटा एंटरप्राइज), एथर एनर्जी, जूडियो, मेडमिक्स, जेएसडब्ल्यू स्टील, टीवीएस मोटर कंपनी, आईटीसी लिमिटेड, वेस्टसाइड, एयरटेल, अपोलो हॉस्पिटल्स और योकोहामा जैसी कंपनियां शामिल रहीं। इन कंपनियों ने विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्रदान किए।

महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में पहल
कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रेस वार्ता में समाज कल्याण विभाग की सचिव बंदना प्रेयषी और संयुक्त सचिव योगेश कुमार सागर ने मीडिया को जॉब फेयर की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस तरह के आयोजन महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें रोजगार की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

दूसरे दिन भी जारी रहेगा रोजगार मेला
कार्यक्रम में युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के सचिव कौशल कुमार समेत कई अधिकारी भी मौजूद रहे। दो दिवसीय यह जॉब फेयर 17 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक जारी रहेगा, जहां इच्छुक महिलाएं पहुंचकर विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकती हैं।