पवन सिंह-ज्योति सिंह विवाद पर खेसारी लाल यादव का बड़ा बयान, बोले – 'भाभी को माफ कर दीजिए'
भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच विवाद गहराता जा रहा है। ज्योति ने लखनऊ में पुलिस बुलाए जाने और FIR के आरोप लगाए। इसी बीच खेसारी लाल यादव का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह भाभी को माफ करने की अपील कर रहे हैं।
भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहा विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। टीवी शो ‘राइज एंड फॉल’ में एंट्री से पहले ही दोनों के रिश्तों में खटास आ चुकी थी। लेकिन हालात तब और बिगड़ गए जब ज्योति सिंह लखनऊ में पवन सिंह से मिलने पहुंचीं। यहां उन्होंने पाया कि एक्टर ने पहले ही पुलिस को बुला रखा था।
विवाद का नया मोड़ – ज्योति का आरोप
दो दिन पहले ही ज्योति सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में साफ लिखा था कि वह पवन सिंह से मिलने उनके लखनऊ वाले घर जाएंगी। इस उम्मीद के साथ वह वहां गईं कि पति उनसे मुलाकात करेंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वीडियो में वह बताती नजर आईं कि उन्हें घर में एंट्री तक नहीं मिली और पुलिस भी मौजूद थी। उनका यह भी कहना है कि पवन सिंह ने उनके खिलाफ FIR दर्ज करवाई है।
ज्योति की भावुक अपील – 'मैं जान दे दूंगी'
ज्योति सिंह ने जो वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है, उसमें वह भावुक होकर रोती दिखाई दीं। उन्होंने कहा, मुझे इतना बेइज्जत किया जा रहा है, उन्होंने मुझे पागल बना दिया है, मैं अपनी जान दे दूंगी। इसी घर में जान देकर मरूंगी।” यहां तक कि वह पुलिस थाने जाने से भी मना करती नजर आईं और बोलीं, “थाने जाऊंगी, तो यहां से मर कर निकलूंगी।
खेसारी लाल का रिएक्शन – 'भाभी का इतना बड़ा अपराध नहीं'
इसी बीच खेसारी लाल यादव का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने पवन सिंह और ज्योति सिंह के मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी। खेसारी ने कहा, भाभी का इतना बड़ा अपराध तो नहीं है। आप इतने लोगों को माफ कर सकते हैं, तो उन्हें भी माफ कीजिए। हम चाहते हैं कि हमारे घर में भतीजा आए। वह मेरी बहन नहीं हैं, लेकिन एक बेटी हैं। उस महिला को जब मैं अपनी बेटी के नजरिए से देखता हूं, तो सोचता हूं, अगर मेरी बेटी के साथ ऐसा होता तो… इंसान किस हद तक गिर सकता है, दया आती है भाभी पर।
'मैं चमचा नहीं हूं' – खेसारी
खेसारी लाल यादव ने यह भी कहा, अगर उनका अपराध इतना बड़ा है, तो खुद मीडिया के सामने आकर आप बोलिए। मैं पवन सिंह से बहुत प्यार करता हूं, लेकिन उनकी गलतियों पर पर्दा नहीं डाल सकता। मैं उनका चमचा नहीं हूं, न ही चाटुकारिता करता हूं। पवन सिंह मेरा घर नहीं चलाते कि मैं कहूं आप बहुत बढ़िया कर रहे हैं। नहीं, आप बिल्कुल सही नहीं कर रहे हैं। जो गलत है, वो गलत है ही।
इस पूरे विवाद पर सोशल मीडिया पर भी जबरदस्त चर्चा हो रही है। जहां ज्योति सिंह की पोस्ट और वीडियो वायरल हो रहे हैं, वहीं खेसारी लाल यादव के बयान को लेकर फैंस भी अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




