विधानसभा चुनाव में हार के बाद प्रशांत किशोर का बड़ा बयान: 'जनता का भरोसा नहीं जीत पाए, प्रायश्चित करूंगा… लेकिन बिहार नहीं छोड़ूंगा'
बिहार चुनाव में जन सुराज की हार के बाद प्रशांत किशोर पहली बार सामने आए। उन्होंने हार की पूरी जिम्मेदारी ली, माफी मांगी, उपवास की घोषणा की और कहा—बिहार नहीं छोड़ूंगा।
बिहार विधानसभा चुनाव में जन सुराज की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा। चुनाव परिणाम आने के बाद प्रशांत किशोर पहली बार मीडिया के सामने आए और हार की पूरी जिम्मेदारी खुद पर लेते हुए कहा कि वे “व्यवस्था परिवर्तन” के लक्ष्य में सफल नहीं हो सके। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि कहीं न कहीं उनकी रणनीति और प्रयासों में कमी रह गई, जिसका परिणाम जनता के फैसले के रूप में सामने आया।
'गलती हुई है, गुनाह नहीं… प्रायश्चित के लिए मौन उपवास रखूंगा'
प्रशांत किशोर ने कहा कि वे जनता से विनम्रता के साथ माफी मांगते हैं और 20 तारीख को भीतरहरवा आश्रम में एक दिन का सामूहिक मौन उपवास रखेंगे।
PK ने कहा — “हमसे गलती हुई है, लेकिन कोई गुनाह नहीं किया। मैंने न जाति की राजनीति की, न धर्म की। वोट नहीं मिलना गुनाह नहीं होता। इसे मैं अपना दोष मानता हूं और प्रायश्चित करूंगा।”
'बिहार नहीं छोड़ूंगा… दोगुनी ताकत से लड़ाई जारी रहेगी'
हार के बाद PK के भविष्य को लेकर कई सवाल उठे, लेकिन उन्होंने साफ कर दिया कि वे बिहार छोड़ने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा — आज धक्का जरूर लगा है, लेकिन जन सुराज की जीत आगे होगी। मैं बिहार में ही रहूंगा और और अधिक ताकत से काम करूंगा। पीछे हटने का कोई सवाल ही नहीं।
PK ने चुनाव के दौरान हुई सरकारी गतिविधियों पर भी बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि हर विधानसभा में लगभग 60,000 लोगों को 10,000 रुपये दिए गए।
करीब 1 लाख आशा–आंगनबाड़ी–टोला सेविका और मजदूरों को 29,000 करोड़ बांटे गए। इस तरह पहली बार जनता के लगभग 40,000 करोड़ रुपये चुनाव में खर्च हुए।
'ईमानदार कोशिश की लेकिन नाकाम रहे… पूरी जिम्मेदारी मेरी है'
PK ने हार की वजहों पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा — व्यवस्था परिवर्तन की बात तो दूर, हम सत्ता परिवर्तन भी नहीं कर पाए। जनता ने हम पर भरोसा नहीं किया और इसकी 100% जिम्मेदारी मेरी है। मैंने अपनी तरफ से पूरी ईमानदारी से कोशिश की, लेकिन मैं सफल नहीं हो पाया।
'अगर महिलाओं को 2–2 लाख नहीं मिले तो मैं राजनीति से संन्यास ले लूंगा'
चुनाव के दौरान सरकार द्वारा महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के वादे पर भी PK ने बड़ा चैलेंज दिया। उन्होंने कहा — हमने कहा था कि डेढ़ करोड़ महिलाओं को छह महीने में दो लाख रुपये मिलेंगे। अगर सरकार ने वोट खरीदे नहीं हैं तो यह पैसा देना चाहिए। अगर नहीं मिला तो महिलाएं हमारे पास आएं। मैं एक नंबर जारी कर रहा हूं, और यदि पैसा नहीं मिला तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा।


आँखें न्यूज़ 24 




