Kashmiri Pandit Nurse Murder Case: SIA की श्रीनगर में 8 ठिकानों पर छापेमारी, यासीन मलिक के घर पर भी कार्रवाई

Kashmiri Pandit Nurse Murder Case: जम्मू-कश्मीर SIA ने श्रीनगर में 8 ठिकानों पर छापेमारी की, जिसमें JKLF प्रमुख यासीन मलिक का घर भी शामिल। 1990 में सरला भट के अपहरण, सामूहिक बलात्कार और हत्या से जुड़ा मामला

Kashmiri Pandit Nurse Murder Case: SIA की श्रीनगर में 8 ठिकानों पर छापेमारी, यासीन मलिक के घर पर भी कार्रवाई
Yasin Malik

जम्मू-कश्मीर में राज्य जांच एजेंसी (SIA) ने आज तड़के श्रीनगर के कई इलाकों में एक साथ छापेमारी शुरू की। यह कार्रवाई 1990 में हुई एक कश्मीरी पंडित महिला नर्स की अपहरण, सामूहिक बलात्कार और हत्या के मामले से जुड़ी है। छापों में पुलिस और सीआरपीएफ के जवान भी शामिल हैं।

यासीन मलिक के आवास पर भी छापा
सूत्रों के मुताबिक, SIA की टीम ने जेल में बंद जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (JKLF) प्रमुख यासीन मलिक के आवास पर भी तलाशी ली। कुल आठ ठिकानों पर एक साथ यह छापेमारी की गई, जिससे श्रीनगर के कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।

कौन थीं सरला भट?
मामला अनंतनाग की 27 वर्षीय कश्मीरी पंडित नर्स सरला भट से जुड़ा है, जो उस समय श्रीनगर के सौरा स्थित शेर-ए-कश्मीर आयुर्विज्ञान संस्थान (SKIMS) में कार्यरत थीं। 14 अप्रैल 1990 को JKLF से जुड़े आतंकियों ने उन्हें हब्बा खातून छात्रावास से अगवा कर लिया था।

निर्दयी अपराध: अपहरण से हत्या तक
रिपोर्ट्स के अनुसार, अपहरण के बाद कई दिनों तक सरला भट के साथ सामूहिक बलात्कार और निर्मम यातनाएं दी गईं। 19 अप्रैल 1990 को उनका क्षत-विक्षत शव श्रीनगर के मल्लाबाग स्थित उमर कॉलोनी में मिला, जिसमें गोलियों के कई निशान थे।

पुलिस मुखबिरी का आरोप
मृतका के शव से एक नोट बरामद हुआ था, जिसमें उन्हें पुलिस मुखबिर बताया गया था। यह आरोप इसलिए लगाया गया क्योंकि उन्होंने कश्मीरी पंडितों को घाटी छोड़ने या सरकारी नौकरी छोड़ने के उग्रवादी आदेशों का पालन नहीं किया था।