पूजा पाल का सपा पर बड़ा आरोप: 'अखिलेश के पोषित माफिया से जान को खतरा, पति की तरह मुझे भी मार सकते हैं'

चायल की विधायक पूजा पाल ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सपा के संरक्षण में पल रहे माफिया उनकी हत्या करा सकते हैं। अपने पति राजू पाल की हत्या को याद करते हुए उन्होंने दावा किया कि सपा अपराधियों को बचाती है जबकि योगी सरकार ने न्याय दिलाया।

पूजा पाल का सपा पर बड़ा आरोप: 'अखिलेश के पोषित माफिया से जान को खतरा, पति की तरह मुझे भी मार सकते हैं'
पूजा पाल और अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश की चायल विधानसभा से विधायक पूजा पाल ने समाजवादी पार्टी (सपा) और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सपा के संरक्षण में पल रहे माफिया और गुंडों से उनकी जान को खतरा है।

सोशल मीडिया पर वायरल एक पत्र में उन्होंने लिखा कि 2005 में उनके पति राजू पाल की सरेआम हत्या सपा शासन में हुई थी, और आज भी वही डर बना हुआ है। उन्होंने दावा किया कि जब मेरे पति की हत्या हुई तब प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार थी। मुझे आशंका है कि सपा के पोषित गुंडे मेरी हत्या करा सकते हैं।

'पति की हत्या के समय सपा ने अपराधियों का साथ दिया'
पूजा पाल ने पत्र में अपने पति राजू पाल की हत्या का दर्द दोहराते हुए कहा कि प्रयागराज की सड़कों पर एके-47 से घंटों फायरिंग कर आतंक फैलाया गया था। उन्होंने सपा पर आरोप लगाया कि उस समय उनके खिलाफ माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ को प्रत्याशी बनाया गया।

उन्होंने लिखा – जब मुझे सहारे की सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब सपा ने मेरे पति के हत्यारों को मेरे खिलाफ खड़ा किया। लेकिन मेरे क्षेत्र की जनता और पाल समाज ने हमेशा मेरा साथ दिया और अपराधियों को हराया।

'सपा ने मुझे माफिया का नाम लेने पर निकाला'
विधायक ने यह भी साफ किया कि उन्हें सपा से क्रॉस वोटिंग की वजह से नहीं, बल्कि सदन में माफिया अतीक अहमद का नाम लेने पर निकाला गया।

उनका कहना है – सपा अपराधियों की बुराई बर्दाश्त नहीं कर सकी। इस कदम से अतीक अहमद के परिवार का मनोबल बढ़ा। वे मौजूदा योगी सरकार के दबाव में चुप हो सकते हैं, लेकिन सपा की वजह से उनकी हिम्मत बढ़ी है और मुझे अपनी जान का खतरा है।

योगी सरकार और बीजेपी पर भरोसा
पूजा पाल ने स्पष्ट किया कि उन्हें भारतीय जनता पार्टी या उसके नेताओं से कोई खतरा नहीं है। उन्होंने लिखा कि योगी सरकार ने हत्यारों को मिट्टी में मिला दिया और न्याय दिलाया। वहीं, सपा अभी भी अपराधियों को संरक्षण देती है।

उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह पर विश्वास जताते हुए कहा कि पूरे मामले की जांच होनी चाहिए।

'सपा की नीतियां अतिपिछड़ों के खिलाफ'
अखिलेश यादव के उस बयान पर भी पूजा पाल ने पलटवार किया जिसमें कहा गया था कि भाजपा असहमत विधायकों को मंत्री बनाती है। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा – सपा की सरकार में कितने अतिपिछड़ों को मंत्री बनाया गया? आपने केवल अपने समाज और मुस्लिम समाज को प्राथमिकता दी। अतिपिछड़ों को जूठन जैसा सम्मान मिला। यह इतिहास गवाह है कि सपा अतिपिछड़ों की नहीं हो सकती।

'सपा से खतरा है, भाजपा से नहीं'
पूजा पाल ने दोहराया कि वे खतरों से जूझकर जीना जानती हैं। उन्होंने कहा कि उनके साथ उनके क्षेत्र की जनता और पाल समाज चट्टान की तरह खड़ा है। मुझे मिटाना सपा के लिए आसान नहीं होगा। सपा की नीतियां सामाजिक एकता के लिए घातक हैं।