New Year 2026: नमो घाट जाने वालों के लिए राहत भरी खबर, नव वर्ष पर ट्रैफिक को लेकर वाराणसी पुलिस का बड़ा बयान

नव वर्ष 2026 को लेकर वाराणसी के नमो घाट पर ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर ADCP ट्रैफिक अंशुमान मिश्र ने स्थिति स्पष्ट की। पड़ाव से राजघाट मार्ग रहेगा चालू, जरूरत पड़ने पर ही डायवर्सन लागू होगा।

New Year 2026: नमो घाट जाने वालों के लिए राहत भरी खबर, नव वर्ष पर ट्रैफिक को लेकर वाराणसी पुलिस का बड़ा बयान
अंशुमान मिश्र, अपर पुलिस उपायुक्त, यातायात, वाराणसी

नव वर्ष के अवसर पर वाराणसी में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। अपर पुलिस उपायुक्त, यातायात, वाराणसी अंशुमान मिश्र ने नमो घाट से जुड़ी ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि 28 दिसंबर 2025 को जारी प्रेस नोट का उद्देश्य लोगों को पहले से जागरूक करना था, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या भ्रम की स्थिति न बने।

भीड़ के दबाव के अनुसार होगा निर्णय
अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि नमो घाट पर नव वर्ष के दौरान भारी भीड़ जुटने की संभावना रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने यह संकेत दिया है कि जरूरत पड़ने पर ही डायवर्सन लागू किया जाएगा। इसका मतलब यह नहीं है कि सामान्य दिनों की तरह चलने वाला यातायात पूरी तरह रोक दिया जाएगा, बल्कि स्थिति के अनुसार निर्णय लिया जाएगा।

पड़ाव-राजघाट मार्ग रहेगा चालू
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि पड़ाव से राजघाट की ओर जाने वाले रास्ते पर किसी भी प्रकार का मूवमेंट बंद नहीं किया जाएगा। आम नागरिकों और यात्रियों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। केवल तभी डायवर्सन का सहारा लिया जाएगा, जब नमो घाट की तरफ आवश्यकता से अधिक भीड़ और दबाव बन जाएगा और यातायात को नियंत्रित करना अंतिम विकल्प के रूप में जरूरी हो जाएगा।

फोर व्हीलर और ई-बस सेवा रहेगी सामान्य
अंशुमान मिश्र ने यह भी स्पष्ट किया कि फोर व्हीलर, छोटे मालवाहक वाहन और इलेक्ट्रिक बसें पूर्व की भांति अपने निर्धारित मार्गों पर चलती रहेंगी। यातायात पुलिस का उद्देश्य सुचारु आवागमन बनाए रखना है, न कि अनावश्यक प्रतिबंध लगाना। आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि नियमों का पालन करने से ही नव वर्ष का उत्सव सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से मनाया जा सकेगा।