भगोड़ा बोलिये, लेकिन मैं चोर नहीं; विजय माल्या ने किंगफिशर डूबने पर माफी, India लौटने पर रखी शर्त

Vijay Mallya ने Kingfisher Airlines की विफलता पर माफी मांगी। बोले- "मैं भगोड़ा नहीं, बस निष्पक्ष सुनवाई चाहिए तो भारत लौटने को तैयार हूं।

भगोड़ा बोलिये, लेकिन मैं चोर नहीं; विजय माल्या ने किंगफिशर डूबने पर माफी, India लौटने पर रखी शर्त
Vijay Mallya

भगोड़े कारोबारी विजय माल्या ने किंगफिशर एयरलाइंस की विफलता को लेकर पहली बार सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने कोई चोरी नहीं की और जो कुछ हुआ, वह आर्थिक परिस्थितियों और सिस्टम की वजह से हुआ।

राज शमानी के पॉडकास्ट में माल्या ने कहा, मैं किंगफिशर एयरलाइंस की विफलता के लिए सभी से माफी मांगता हूं। मैं किसी को दोष नहीं देता, लेकिन 2008 की वैश्विक मंदी ने सब कुछ बदल दिया। माल्या ने बताया कि वे भारत से किसी जांच से भागे नहीं हैं, बल्कि पहले से तय यात्रा पर निकले थे।

माल्या ने कहा, आप मुझे भगोड़ा कह सकते हैं, लेकिन चोर मत कहिए। मैं भागा नहीं हूं। भारत से बाहर आने से पहले मेरी यात्रा पहले से तय थी। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें निष्पक्ष सुनवाई और सम्मानजनक जीवन का भरोसा मिले, तो वे भारत लौटने पर विचार कर सकते हैं।

कानूनी मामला क्या है?
विजय माल्या पर आरोप है कि उन्होंने भारतीय बैंकों से 9,000 करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज लेकर किंगफिशर एयरलाइंस के लिए लिया था, जो कभी चुकाया नहीं गया।
- 2018 में ब्रिटेन की अदालत ने उनके प्रत्यर्पण को मंजूरी दी थी।
- भारत सरकार लगातार उन्हें वापस लाने की कोशिश में लगी है।
- माल्या का कहना है कि उनके खिलाफ मीडिया ट्रायल और अनुचित व्यवहार हो रहा है।

CBI और ED के आरोपों पर सफाई
माल्या ने कहा, CBI ने मुझ पर ब्रांड वैल्यू और प्राइवेट जेट के दुरुपयोग का आरोप लगाया। ED ने 3547 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग बताई, लेकिन किंगफिशर एयरलाइंस के 50% खर्च विदेशी करेंसी में थे। इसे मनी लॉन्ड्रिंग कहना बकवास है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्होंने IDBI बैंक को 900 करोड़ रुपये चुका दिए हैं।