आंखों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए जरूरी है इन विटामिन्स का सेवन, क्या आपके आहार में है इनकी मात्रा?

आंखों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए जरूरी है इन विटामिन्स का सेवन, क्या आपके आहार में है इनकी मात्रा?

आंखों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए जरूरी है इन विटामिन्स का सेवन, क्या आपके आहार में है इनकी मात्रा?

हमारी आंखें शरीर के सबसे नाजुक अंगों में से एक मानी जाती हैं, ऐसे में इनके विशेष देखभाल की आवश्यकता होती है। आंखों की बाहरी सुरक्षा के साथ इन्हें पर्याप्त मात्रा में अंदुरूनी पोषण भी चाहिए होता है। इसके लिए नियमित रूप से पौष्टिक आहार के सेवन की आवश्यकता होती है। आहार में कुछ विशेष प्रकार के विटामिन्स और खनिज, आंखों को स्वस्थ बनाए रखने के साथ लंबे समय तक रोशनी को बनाए रखने में सहायक होते हैं। इन्हीं विटामिन्स और पोषक तत्वों में कमी को उम्र के साथ आंखों की रोशनी कम होने के प्रमुख कारण के तौर पर जाना जाता है। इस बारे में सभी लोगों को सतर्कता बरतते रहने की आवश्यकता होती है। 

स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, डायबिटिक रेटिनोपैथी, ग्लूकोमा और मोतियाबिंद जैसी सामान्य स्थितियां आपकी आंखों को प्रभावित कर सकती हैं। इनसे बचाव के उपाय करते रहना आवश्यक होता है। अगर हम अपने दैनिक आहार को ही ठीक कर लें तो आंखों से संबंधित कई तरह की गंभीर समस्याओं के जोखिम को कम किया जा सकता है।

सबसे खास बात आंखों से संबंधित समस्या किसी भी उम्र में हो सकती है, ऐसे में सभी आयु वाले लोगों के लिए उचित पोषण और आंखों की देखभाल करते रहना आवश्यक है। आइए जानते हैं कि आंखों को स्वस्थ रखने के लिए कौन-कौन से विटामिन्स सबसे आवश्यक माने जाते हैं?


विटामिन-ए का सेवन

विटामिन-ए, आंखों के लिए सबसे आवश्यक पोषक तत्वों में से एक है जो कॉर्निया को स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस विटामिन को रोडोप्सिन का एक घटक माना जाता है, रोडोप्सिन आंखों में एक मौजूद प्रोटीन जो आपको कम रोशनी में देखने की सुविधा देता है। पत्तेदार हरी सब्जियां, गाजर, शकरकंद, कद्दू, टमाटर, लाल शिमला मिर्च, खरबूजा और आम से इसे आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।  


विटामिन ई वाली चीजों का सेवन

विटामिन-ए की ही तरह आंखों को स्वस्थ बनाए रखने के लिए विटामिन-ई वाली चीजों का सेवन करते रहना भी बहुत आवश्यक माना जाता है। माना जाता है कि आंखों से संबंधित कई समस्याएं ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से जुड़ी होती है। विटामिन-ई शक्तिशाली एंटीऑक्सिडेंट है जो आपकी कोशिकाओं को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस के कारण होने वाली समस्याओं से सुरक्षित रखने में सहायक है। सूरजमुखी और सरसों का तेल, बादाम, मूंगफली, चुकंदर और पालक में इसकी पर्याप्त मात्रा पाई जाती है।

विटामिन-सी भी जरूरी

विटामिन ई की तरह, विटामिन सी भी शक्तिशाली एंटीऑक्सिडेंट है जो आपकी आंखों को हानिकारक मुक्त कणों  से बचा सकता है। आंखों को स्वस्थ रखने और कई तरह की समस्याओं के जोखिम को कम करने में इस विटामिन वाली चीजों का नियमित सेवन करना फायदेमंद माना जाता है। खट्टे फल जैसे संतरे और नींबू, काली मिर्च, स्ट्रॉबेरीज, ब्रोकली आदि के सेवन से इसकी पूर्ति की जा सकती है।