आने वाली है हाड़ कपांने वाली ठंड

आने वाली है हाड़ कपांने वाली ठंड

प्रदेश के लोगों को जल्द ही हाड़ कंपाने वाली ठंड का सामना करना पड़ सकता है।देश के पहाड़ी इलाकों में हुई भारी बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी आने लगा है।बिहार पर भी इसका असर पड़ेगा। हिमाचल प्रदेश उत्तराखंड जम्मू कश्मीर समेत पहाड़ी राज्यों के अधिकतर इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है। ठंडी हवाएं अब मैदानों का रुख कर रही हैं जिसके चलते पंजाब के अमृतसर में तापमान शून्य के करीब पहुंच चुका है।मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों पर 25 दिसंबर तक बर्फबारी के आसार हैं, इससे महीने के अंत तक ठंड अपने चरम तक पहुंच सकती है। इसके पहले पूर्वी यूपी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से बिहार में भी हवा का रुख बदल गया,शुक्रवार की रात से शनिवार तक उत्तरी पछुआ हवा चलने के कारण पटना समेत राज्य के अधिकांश शहरों के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो गई,और अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। बदले हुए हवा के रुख की वजह से पटना का न्यूनतम तापमान शनिवार को 5.2 डिग्री बढ़ गया और 14.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।इस साल दिसंबर में यह सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है।

वहीं राजधानी के अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, और ये 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरे प्रदेश में पटना के अधिकतम और न्यूनतम तापमान का अंतर सबसे कम यानी 9.6 डिग्री रहा जिसके चलते लोगों को ठंड का एहसास हुआ। इसके अलावा 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं से भी कनकनी महसूस हुई। राज्य में जीरादेई सबसे ठंडा स्थान रहा जहां का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि शनिवार की रात से एक बार फिर से पछुआ हवाएं चलनी शुरू हो गईं हैं जिसके असर से आने वाले 3 दिनों में न्यूनतम पारा 3 डिग्री तक गिर जाने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग केंद्र के अनुसार आज से न्यूनतम पारे में गिरावट का क्रम शुरू हो गया है जो अगले 2 दिनों तक चलेगा इस बीच ठंड और कोहरे के कारण विमान सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं शनिवार को गो एयर के दिल्ली और स्पाइसजेट की अमृतसर की फ्लाइट रद्द रही जबकि अन्य कई विमान देर से पटना पहुंचे ।