उत्तराखंड में राहुल गांधी ने भाजपा पर किया कटाक्ष, अपनी दादी को भी किया याद

उत्तराखंड में राहुल गांधी ने भाजपा पर किया कटाक्ष, अपनी दादी को भी किया याद

उत्तराखंड में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार के दिन उत्तराखंड में पार्टी के चुनावी कैंपेन की शुरुआत करते हुए कहा, 'उत्तराखंड ने हिंदुस्तान को सबसे ज्यादा अपना खून दिया है और हमेशा देता रहेगा। 1971 में बांग्लादेश की लड़ाई हुई, पाकिस्तान ने सिर्फ 13 दिन में अपना सिर झुका दिया था। आमतौर पर एक युद्ध 6 महीने या एक साल के लिए लड़ा जाता है। अमेरिका ने अफगानिस्तान को हराने में 20 साल लगा दिए, लेकिन भारत ने पाकिस्तान को सिर्फ 13 दिनों में ही हरा दिया। ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि भारत एकजुट था।'

राहुल गांधी देहरादून के परेड ग्राउंड में हुई विजय सम्मान रैली में पहुंचे थे। इस दौरान राहुल ने भाजपा पर जमकर शब्द बाण चलाए। साथ ही उन्होंने 1971 में पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध में शहीद हुए देश के जवानों को भी याद किया। राहुल गांधी ने कहा, 'अपनी दादी और पूर्व पीएम स्वर्गीय इंदिरा गांधी का जिक्र करते हुए राहुल ने कहा कि उन्होंने देश के लिए 32 गोलियां खाईं, लेकिन आज दिल्ली में 1971 की युद्ध की वर्षगांठ पर हुए एक कार्यक्रम में उनका नाम तक नहीं लिया गया, लेकिन जिन परिवारों ने राष्ट्र के लिए कोई बलिदान नहीं दिया, वे इसे महसूस नहीं कर सकते।'

राहुल ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, 'आज लोगों को कमजोर किया जा रहा है, उन्हें आपस में लड़ाया जा रहा है। कमजोर लोगों को मारा जा रहा है। पूरी की पूरी सरकार दो-तीन पूंजीपतियों के लिए चलाई जा रही है। काले कानून किसानों की मदद के लिए नहीं उनको खत्म करने के लिए बनाए गए थे।'