मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नए साल में जाएंगे गया, जन कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा भी करेंगे

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नए साल में जाएंगे गया,  जन कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा भी करेंगे

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नए साल में गया जाएंगे। मिली जानकारी के अनुसार, नीतीश कुमार समाज सुधार यात्रा के निर्धारित कार्यक्रम को लेकर चार जनवरी को गया में जनसभा को संबोधित करेंगे। यह यात्रा राज्य में प्रमंडल स्तर पर होनी तय हुई है। मुख्यमंत्री गया पहुंचकर जिले के तमाम आला अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों के साथ जिले में चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा भी करेंगे। गया में आयोजित होने वाली समाज सुधार यात्रा के कार्यक्रम में गया के अलावा जहानाबाद, अरवल, नवादा व औरंगाबाद जिले के पार्टी नेता, कार्यकर्ता व आमजन जुड़ेंगे। मुख्यमंत्री की इस यात्रा को लेकर जिला प्रशासन को पत्र भेजा गया है। 

इस यात्रा से गया जिलेवासियों की उम्मीदें भी जुड़ गई है। सम्भव है कि मुख्यमंत्री नए साल में गया अथवा मगध क्षेत्र के लिए कुछ जन आकांक्षी घोषणाएं भी करें। बीते विधानसभा चुनाव में गया समेत मगध क्षेत्र में जदयू संगठन की धार कमजोर पड़ी है। जदयू को गया में एक भी सीट हासिल नहीं हुई थी। ऐसे में मुख्यमंत्री की इस यात्रा से जदयू संगठन को भी मजबूती देने की कोशिश होगी। लोक- लुभावन घोषणाएं भी हो सकती हैं।

अपने चहेते मुख्यमंत्री के इस समाज सुधार यात्रा के निर्धारित कार्यक्रम को लेकर जदयू के तमाम नेताओं व कार्यकर्ताओं में अभी से ही खासा उत्साह देखा जा रहा है। सामान्य दिनों में सुस्त दिखाई पड़ने वाले नेता भी सक्रिय हो गए हैं। पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों व बड़े नेताओं ने अपने स्तर से इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है। जदयू के जिलाध्यक्ष द्वारिका प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री की इस यात्रा को सफल बनाने के लिए जिला स्तर से लेकर प्रखंड स्तर तक पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की जाएगी।