JPC की बैठक में नेशनल हेराल्ड की लूट लिखा बैग लेकर पहुंची बांसुरी स्वराज, क्या है पूरा मामला?
बांसुरी स्वराज ने इस बैग के जरिए कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि वो नेशनल हेराल्ड के जरिए देश को लूटने की बात सबके सामने लाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इससे देश को बड़ा नुकसान पहुंचाया है।
नेशनल हेराल्ड मुद्दे पर कांग्रेस पर दबाव बनाए रखने की कोशिश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद बांसुरी स्वराज मंगलवार को एक संसदीय समिति की बैठक में ‘नेशनल हेराल्ड की लूट’ लिखा बैग लेकर पहुंचीं। बांसुरी स्वराज ‘एक साथ चुनाव कराने’ के प्रस्ताव वाले विधेयकों पर संयुक्त संसदीय समिति की बैठक के लिए संसद भवन पहुंचीं। उनके काले रंग के बैग पर लाल रंग से ‘नेशनल हेराल्ड की लूट’ लिखा हुआ था।
बांसुरी स्वराज ने इस बैग के जरिए कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि वो नेशनल हेराल्ड के जरिए देश को लूटने की बात सबके सामने लाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इससे देश को बड़ा नुकसान पहुंचाया है।
भाजपा सांसद ने कहा कि सेवा की आड़ में कांग्रेस ने हमेशा सार्वजनिक संस्थाओं को अपनी निजी संपत्ति बढ़ाने का साधन समझा है। यह बहुत गंभीर मामला है। कांग्रेस पार्टी और उसका शीर्ष नेतृत्व इसके लिए जवाबदेह है।
गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने नेशनल हेराल्ड मामले में कथित तौर पर 988 करोड़ रुपये के धनशोधन के लिए यहां एक विशेष अदालत में कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी सहित अन्य के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया है।