ऑपरेशन सिंदूर जारी है, भारतीय हमलों में 100 आतंकी मारे गए; राजनाथ सिंह का बड़ा बयान

राजनाथ सिंह ने इस बैठक में कहा कि ऑपरेशन अभी चल रहा है और बॉर्डर पर हालात तेजी से बदल रहे हैं, इसलिए हम अभी डिटेल्स शेयर नहीं कर पाएंगे। वहीं इस दौरान मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम नरेंद्र मोदी की अनुपस्थिति का भी मुद्दा उठाया।

ऑपरेशन सिंदूर जारी है, भारतीय हमलों में 100 आतंकी मारे गए; राजनाथ सिंह का बड़ा बयान
Rajnath Singh

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को आयोजित सर्वदलीय बैठक में कहा कि पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत किए गए भारतीय हमलों में कम से कम 100 आतंकवादी मारे गए। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अभी जारी है।

राजनाथ सिंह ने इस बैठक में कहा कि ऑपरेशन अभी चल रहा है और बॉर्डर पर हालात तेजी से बदल रहे हैं, इसलिए हम अभी डिटेल्स शेयर नहीं कर पाएंगे। वहीं इस दौरान मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम नरेंद्र मोदी की अनुपस्थिति का भी मुद्दा उठाया। साथ ही मीडिया रिपोर्ट में राफेल को लेकर जो दावा किया जा रहा है, उसपर भी सरकार की तरफ से कुछ नहीं किया गया है। 

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार सभी दलों को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बारे में जानकारी देना चाहती है। पहलगाम आतंकी हमले के प्रतिशोध में, भारतीय सशस्त्र बलों ने मंगलवार देर रात पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए, जिनमें जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ बहावलपुर और लश्कर-ए-तैयबा का अड्डा मुरीदके शामिल हैं। 

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 26 नागरिकों की हत्या के दो सप्ताह बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत ये सैन्य हमले किए गए। इससे पहले सरकार ने पहलगाम हमले के बारे में सभी दलों के नेताओं को जानकारी देने के लिए 24 अप्रैल को सर्वदलीय बैठक बुलाई थी।