मुंबई की ‘मटका क्वीन’ जया छेड़ा को गोवा पुलिस ने किया गिरफ्तार, क्या है मामला?
गोवा पुलिस ने जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राज्य में कई छापे मारे और मुंबई की ‘मटका क्वीन’ जया छेड़ा सहित कई लोगों पर मामला दर्ज किया है।

गोवा पुलिस ने जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राज्य में कई छापे मारे और मुंबई की ‘मटका क्वीन’ जया छेड़ा सहित कई लोगों पर मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
गोवा पुलिस के प्रवक्ता के अनुसार, अपराध शाखा ने गुरुवार को पणजी, म्हापसा, परवरी, मडगांव, वास्को, पोंडा, मांद्रे, पेडणे सहित कई स्थानों पर छापे मारकर 12 मामले दर्ज किए और 12 सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया।
कौन हैं 'मटका क्वीन' जया छेड़ा?
बता दें कि 'मटका' की नींव कल्याणजी भगत ने रखी थी। सट्टेबाजी की दुनिया में यह एक जाना-माना नाम था। वहीं भगत के बाद उनके बेटे सुरेश भगत ने पिता की विरासत को आगे बढ़ाया। हालांकि, 2008 में सुरेश की एक कार हादसे में मौत हो गई। जांच में पता चला कि सुरेश की मौत के पीछे उनकी पत्नी जया छेड़ा का हाथ था। उन्होंने 'मटका' पर कब्जा करने के लिए पति की हत्या की साजिश रची थी।
सुरेश हत्याकांड में पुलिस ने जया छेड़ा समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया। अदालत ने जया छेड़ा को उम्रकैद की सजा सुना दी। मगर, जेल में उनकी तबीयत बिगड़ने के कारण 2018 में उन्हें जमानत दे दी गई थी। 2022 में भी जया का नाम गैंबलिंग में सामने आया था।