अनुपम खेर का टॉयलेट साइन बोर्ड पर मजेदार सवाल: लेडीज-जेंट्स लिखना सिंपल नहीं हो सकता क्या? वीडियो वायरल

अनुपम खेर का पब्लिक टॉयलेट्स के साइन बोर्ड पर मजेदार सवाल सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में उन्होंने ‘लेडीज-जेंट्स’ लिखने की पुरानी प्रथा को बेहतर बताया। फैंस ने भी अपने मजेदार अनुभव साझा किए।

अनुपम खेर का टॉयलेट साइन बोर्ड पर मजेदार सवाल: लेडीज-जेंट्स लिखना सिंपल नहीं हो सकता क्या? वीडियो वायरल
Anupam Kher

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर सिर्फ फिल्मों में ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर भी अपने हाजिरजवाब अंदाज के लिए मशहूर हैं। हाल ही में उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने पब्लिक टॉयलेट्स के बाहर लगे साइन बोर्ड को लेकर अपना कन्फ्यूजन मजेदार अंदाज में बयां किया।

साइन बोर्ड देखकर क्यों हो जाते हैं कन्फ्यूज
वीडियो में अनुपम खेर कहते हैं – आजकल टॉयलेट्स के बाहर यह बताने के लिए कि कौन सा स्त्रियों का है और कौन सा पुरुषों का, ऐसे-ऐसे पेंटिंग्स या साइन होते हैं कि थोड़ी देर के लिए तो व्यक्ति कन्फ्यूज हो जाता है। रेस्टोरेंट्स, डबिंग थिएटर्स, स्टूडियो – हर जगह यही हाल है। पहले जैसे सिंपल ‘लेडीज-जेंट्स’ या ‘स्त्री-पुरुष’ लिखा होता था, वैसे क्यों नहीं हो सकता?

उन्होंने एक स्टूडियो के बाहर लगे साइन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें समझने में ही समय लग गया कि कौन सा पुरुषों का टॉयलेट है और कौन सा महिलाओं का।

फैंस का भी हुआ रियल-लाइफ कनेक्शन
अनुपम खेर ने वीडियो के कैप्शन में सवाल किया – क्या आपके साथ भी ऐसा कन्फ्यूजन होता है? फैंस ने कमेंट सेक्शन में अपने-अपने मजेदार अनुभव शेयर किए।

एक यूजर ने लिखा – जी हां, मैं भी एक बार गलत वॉशरूम में चला गया था, फिर तुरंत बाहर निकलकर पुरुषों वाले में गया। दूसरे ने कहा – बिलकुल सही, कुछ चीजें बिना क्रिएटिविटी के सिंपल ही अच्छी लगती हैं। तीसरे ने लिखा – सीधे महिला/पुरुष लिखना ज्यादा बेहतर है।