BGCL ने पहली बार घोषित किया अंतरिम लाभांश, बिहार सरकार को मिला ₹33.74 करोड़ का बड़ा वित्तीय समर्थन
बिहार ग्रिड कंपनी लिमिटेड ने वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए पहली बार अंतरिम लाभांश घोषित किया। ऊर्जा मंत्री की मौजूदगी में BSPHCL को ₹33.74 करोड़ का चेक सौंपा गया।
बिहार ग्रिड कंपनी लिमिटेड (BGCL) ने वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए अंतरिम लाभांश की 50 प्रतिशत राशि जारी कर एक नया वित्तीय कीर्तिमान स्थापित किया है। ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव की उपस्थिति में बीजीसीएल के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार (भा.प्र.से) ने ₹33.74 करोड़ के अंतरिम लाभांश की आधी राशि का चेक बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड (BSPHCL) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक मनोज कुमार सिंह को सौंपा।
बीजीसीएल के इतिहास में यह पहला अवसर है जब कंपनी ने किसी वित्तीय वर्ष के लिए अंतरिम लाभांश घोषित किया है। इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव को कंपनी के निदेशक मंडल ने 4 दिसंबर को स्वीकृति दी थी। यह फैसला बीजीसीएल की बढ़ती वित्तीय स्थिरता और बेहतर प्रबंधन का संकेत माना जा रहा है।
छमाही मुनाफे ने बढ़ाया निवेशकों का भरोसा
कंपनी ने 30 सितंबर 2025 को समाप्त छमाही अवधि में कर पश्चात ₹29.77 करोड़ का शुद्ध लाभ दर्ज किया है। इस मजबूत प्रदर्शन ने न केवल कंपनी की बैलेंस शीट को सुदृढ़ किया है, बल्कि भविष्य में निवेश और विस्तार की संभावनाओं को भी बल दिया है।
प्रति शेयर 5 प्रतिशत अंतरिम लाभांश तय
बीजीसीएल की बेहतर वित्तीय स्थिति और निरंतर परिचालन प्रगति को देखते हुए निदेशक मंडल ने ₹10 अंकित मूल्य वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर ₹0.50 का अंतरिम लाभांश स्वीकृत किया है, जो कुल मिलाकर 5 प्रतिशत बैठता है। कुल लाभांश राशि ₹33.74 करोड़ होगी, जिसका वितरण कंपनी अधिनियम 2013 और लाभांश भुगतान नियम 2014 के तहत किया जाएगा।
BSPHCL और Power Grid को बराबर हिस्सा
गौरतलब है कि बिहार ग्रिड कंपनी लिमिटेड का गठन राज्य में विद्युत संचरण परियोजनाओं के क्रियान्वयन और संचालन के उद्देश्य से किया गया था। यह बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड और पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड का संयुक्त उपक्रम है। इसी कारण वित्तीय वर्ष 2025–26 के अंतरिम लाभांश का वितरण भी दोनों कंपनियों के बीच 50:50 के अनुपात में किया जाएगा।


आँखें न्यूज़ 24 




