बिहार बंद: पटना की सड़कों पर आगजनी और प्रदर्शन, पीएम मोदी की दिवंगत मां पर विवादित टिप्पणी को लेकर एनडीए का हल्ला बोल
पटना समेत पूरे बिहार में एनडीए का 5 घंटे का बिहार बंद असरदार रहा। पीएम मोदी की दिवंगत मां पर विवादित टिप्पणी के विरोध में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर आगजनी और नारेबाजी की। जानें पूरा मामला।
बिहार की राजधानी पटना समेत कई जिलों में शुक्रवार सुबह से ही बिहार बंद का व्यापक असर दिखाई दिया। पश्चिम दरवाजा मोड़ और दानापुर इलाके में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर सड़क जाम किया और जमकर नारेबाजी की। कई जगहों पर महिलाएं भी विरोध में शामिल हुईं।
7 से 12 बजे तक बंद का आह्वान
एनडीए ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिहार बंद का ऐलान किया था। हालांकि, इस दौरान जरूरी सेवाएं जैसे – अस्पताल, एम्बुलेंस और रेलवे को छूट दी गई।
बीजेपी नेताओं का आक्रोश
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल खुद सड़क पर बैठकर तख्ती लेकर विरोध में शामिल हुए। उन्होंने कहा – इंडिया गठबंधन के मंच से पीएम मोदी की दिवंगत मां को गाली दी गई। यह अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को देश से माफी मांगनी चाहिए।
बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा – अगर हमारी पार्टी का कोई नेता ऐसी भाषा का इस्तेमाल करता, तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई होती। लेकिन राहुल गांधी और तेजस्वी यादव अब तक चुप हैं, जो बेहद शर्मनाक है।
बीजेपी नेता संजय मयूख ने कहा – बंद में बिहार की माताएं और बहनें शामिल हैं। कांग्रेस और राजद को जनता करारा जवाब देगी। गाली देकर आप बच नहीं सकते।
पटना से दानापुर तक सड़क पर दिखा विरोध
बिहार बंद के दौरान दानापुर में कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर टायर जलाए और धरने पर बैठ गए। जगह-जगह नारेबाजी हुई और यातायात प्रभावित रहा। पुलिस को हालात नियंत्रित करने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।
एनडीए इस बंद को जनता की असहमति की आवाज बता रहा है। बीजेपी का कहना है कि पीएम मोदी की मां को राजनीति में घसीटना, पूरे देश का अपमान है। वहीं विपक्ष की ओर से अब तक इस बयान पर कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं आई है।


आँखें न्यूज़ 24 




