बिहार में प्रचंड जीत के बाद बोले PM मोदी— बिहार ने बंगाल की विजय का रास्ता खोल दिया, अब जंगलराज खत्म होगा

बिहार में BJP की बड़ी जीत के बाद पीएम मोदी ने कहा कि अब पार्टी का अगला लक्ष्य बंगाल है। पढ़ें कैसे बिहार ने बंगाल में BJP की राह मजबूत की।

बिहार में प्रचंड जीत के बाद बोले PM मोदी— बिहार ने बंगाल की विजय का रास्ता खोल दिया, अब जंगलराज खत्म होगा
PM Narendra Modi

बिहार में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह भर दिया। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में अपने 'विनिंग स्पीच' में पीएम मोदी ने साफ-साफ संकेत दे दिया कि अब पार्टी का अगला बड़ा लक्ष्य पश्चिम बंगाल है। 

उन्होंने कहा कि गंगा बिहार से निकलकर बंगाल जाती है… और बिहार ने बंगाल में BJP की जीत का रास्ता बना दिया है। उनका यह बयान आने वाले 2026 के विधानसभा चुनावों का चुनावी बिगुल माना जा रहा है।

'बंगाल की जनता तैयार रहे, BJP जंगलराज खत्म करेगी'
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में बंगाल की जनता को विशेष रूप से धन्यवाद और बधाई दी। उन्होंने कहा— अब आपके साथ मिलकर भाजपा पश्चिम बंगाल से भी जंगल राज को उखाड़ फेंकेगी।

यह बयान साफ करता है कि बीजेपी बंगाल को अपना अगला राजनीतिक युद्धक्षेत्र मानकर चल रही है। “जंगलराज” शब्द का इस्तेमाल संकेत देता है कि आने वाले महीनों में बंगाल की राजनीति और भी गर्म होने वाली है।

'देश के राज्यों ने बीजेपी पर लगातार भरोसा दिखाया' 
बिहार की जीत का ज़िक्र करते हुए पीएम मोदी ने देशभर में पार्टी के प्रदर्शन की भी याद दिलाई। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद हरियाणा ने तीसरी बार बीजेपी को मौका दिया, महाराष्ट्र में छत्रपति शिवाजी महाराज, बाबा साहेब अंबेडकर व वीर सावरकर की धरती ने लगातार तीसरी बार जनादेश सौंपा, दिल्ली में 25 साल बाद बहुमत की सरकार बनी और अब बिहार में रिकॉर्ड संख्या के साथ विजय मिली।