बिहार चुनाव से पहले नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान: पत्रकारों की पेंशन ₹15,000, आश्रितों को ₹10,000

बिहार चुनाव 2025 से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पत्रकारों, बुजुर्गों, दिव्यांगों और आम जनता को बड़ा तोहफा दिया है। पत्रकारों की पेंशन ₹6,000 से बढ़ाकर ₹15,000, आश्रितों को ₹10,000, और 125 यूनिट तक फ्री बिजली देने का ऐलान किया गया है।

बिहार चुनाव से पहले नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान: पत्रकारों की पेंशन ₹15,000, आश्रितों को ₹10,000
Bihar CM Nitish Kumar

बिहार विधानसभा चुनाव की हलचलों के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बड़ा और सियासी रूप से अहम ऐलान किया है। अब बिहार के मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हर महीने ₹15,000 की पेंशन मिलेगी। पहले यह राशि ₹6,000 थी।

इसके साथ ही, पत्रकार की मृत्यु के बाद उनके आश्रित पति या पत्नी को ₹3,000 के स्थान पर ₹10,000 की मासिक पेंशन देने का भी निर्णय लिया गया है।

नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर लिखा, मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि 'बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना' के तहत अब पात्र पत्रकारों को ₹15,000 और उनके आश्रितों को ₹10,000 मासिक पेंशन देने का निर्देश विभाग को दिया गया है।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में भी बड़ी राहत
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को अब हर महीने ₹1,100 की पेंशन दी जाएगी, जो पहले सिर्फ ₹400 हुआ करती थी।

फ्री बिजली योजना: अब 125 यूनिट तक बिजली फ्री
बिजली उपभोक्ताओं को भी बड़ी राहत देते हुए सरकार ने ऐलान किया कि अब 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त मिलेगी। यह योजना 1 अगस्त 2025 से लागू होगी और जुलाई 2025 के बिल से ही लागू मानी जाएगी।

1 करोड़ नौकरी और रोजगार का टारगेट
नीतीश कुमार सरकार ने यह भी कहा कि 2025 से 2030 के बीच राज्य में 1 करोड़ सरकारी नौकरी और रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे। यह टारगेट 2020-25 की तुलना में दोगुना होगा।

नीतीश कुमार का संदेश: निष्पक्ष पत्रकारिता को मिले सम्मान
सीएम ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं। हम चाहते हैं कि पत्रकार निष्पक्षता से काम करें और सेवानिवृत्ति के बाद भी सम्मान के साथ जीवन यापन कर सकें।