बिहार विधानसभा चुनाव 2025: पहले चरण में 65% वोटिंग, तेजस्वी-सम्राट-विजय सिन्हा समेत 1314 उम्मीदवारों की किस्मत EVM में कैद

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में 65% मतदान हुआ। तेजस्वी यादव, सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा समेत 1314 उम्मीदवारों की किस्मत EVM में बंद हुई। जानिए कौन-कौन से दिग्गज मैदान में हैं और कब होगा अगला चरण का मतदान।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025: पहले चरण में 65% वोटिंग, तेजस्वी-सम्राट-विजय सिन्हा समेत 1314 उम्मीदवारों की किस्मत EVM में कैद
Bihar Election 2025

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में गुरुवार को राज्य के 121 विधानसभा क्षेत्रों में भारी मतदान हुआ। त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग शाम 6 बजे तक चली। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, करीब 65 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और 1314 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में बंद हो गया।

दोनों डिप्टी सीएम समेत कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर
इस चरण में जिन दिग्गजों की साख दांव पर लगी थी, उनमें दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के साथ ही महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव शामिल रहे।

इसके अलावा, लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव, मंत्री विजय चौधरी, मंगल पांडेय, श्रवण कुमार, नितिन नवीन, महेश्वर हजारी, मदन सहनी जैसे कई नामी चेहरे भी मैदान में रहे।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस चरण में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के लिए जनसमर्थन की पहली परीक्षा थी।

प्रशांत किशोर की जनसुराज ने भी दिखाई दमखम
पहले चरण में राजग (NDA) की ओर से जदयू के 57, भाजपा के 48, लोजपा (रामविलास) के 13 और रालोमो के 2 उम्मीदवार मैदान में थे।

वहीं महागठबंधन (RJD-Congress) की ओर से राजद ने 71, कांग्रेस ने 24, भाकपा माले ने 14, वीआईपी ने 6, भाकपा ने 5 और माकपा व इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (IIP) ने 3-3 प्रत्याशी उतारे।

इस बीच, प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी ने भी 118 उम्मीदवारों के साथ चुनावी रण में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है।

मुंगेर, सहरसा और लखीसराय के कई बूथों पर पहले खत्म हुई वोटिंग
सुरक्षा कारणों से मुंगेर, जमालपुर, तारापुर, सिमरी बख्तियारपुर, महिषी और सूर्यगढ़ा सीटों के कुछ बूथों पर शाम 5 बजे ही मतदान समाप्त कर दिया गया, जबकि बाकी क्षेत्रों में 6 बजे तक मतदान हुआ। कुल मिलाकर 45,341 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से वोट डाले गए।

अगला चरण 11 नवंबर, मतगणना 14 नवंबर को
पहले चरण के बाद अब सभी की नजर 11 नवंबर को होने वाले दूसरे चरण के मतदान पर टिकी है, जिसमें 122 सीटों पर वोटिंग होगी। वहीं, 14 नवंबर को मतगणना होगी और उसी दिन विजेताओं की तस्वीर साफ हो जाएगी। ध्यान देने योग्य बात है कि बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है, यानी नई सरकार के गठन की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।

मतदान में उत्साह और राजनीतिक सस्पेंस
पहले चरण में ग्रामीण इलाकों में खासतौर पर महिलाओं की भागीदारी प्रभावशाली रही। कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें यह संकेत दे रही थीं कि जनता इस बार भी लोकतंत्र के पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही है।

राजनीतिक पंडितों का कहना है कि यह चरण राजद बनाम एनडीए के सीधी टक्कर का संकेत देता है, वहीं जनसुराज की एंट्री इस मुकाबले को और दिलचस्प बना रही है।