छपरा में खेसारी बनाम पवन सिंह की जंग! खेसारी बोले – कम से कम मैं एक बीवी के साथ तो रहता हूं...
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में छपरा सीट पर भोजपुरी सितारों की जंग तेज हो गई है। RJD प्रत्याशी खेसारी लाल यादव ने पवन सिंह के बयान पर पलटवार करते हुए कहा — कम से कम मैं एक बीवी के साथ तो रहता हूं। जानिए पूरा मामला और खेसारी का मंदिर-अस्पताल वाला बयान।
बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। राज्य में पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को और दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को होगी। नतीजे 14 नवंबर को आएंगे। लेकिन वोटिंग से पहले ही छपरा सीट ने पूरे बिहार में सुर्खियां बटोर ली हैं।
इस सीट से राजद (RJD) ने भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, दूसरी ओर भोजपुरी के ही एक और चर्चित नाम पवन सिंह एनडीए के लिए प्रचार करते नजर आ रहे हैं। दोनों सितारों के बीच अब सियासी बयानबाजी चरम पर है।
पवन सिंह के बयान पर खेसारी का पलटवार
कुछ दिन पहले पवन सिंह ने खेसारी लाल यादव पर तंज कसते हुए कहा था कि वो एक पानी पर नहीं टिकते। इस पर खेसारी ने पलटवार करते हुए कहा — वो मेरे बड़े भाई हैं। लेकिन मैंने अगर उन्हें आदर्श माना है, तो इसका मतलब यह नहीं कि वो मेरे भगवान या कर्मदाता हैं। कोई अपने कर्म से बड़ा होता है। मैं किसी पर व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं करता, लेकिन इतना जरूर कहूंगा — कम से कम मैं एक बीवी के साथ तो रहता हूं।
खेसारी के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर मीम्स और प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। छपरा की चुनावी हवा में अब भोजपुरी मसाले का तड़का पूरी तरह लग चुका है।
'मंदिर बनाओ लेकिन अस्पताल भी जरूरी'– खेसारी की सीधी बात
खेसारी लाल यादव ने अपने हालिया इंटरव्यू में अपने उस बयान की भी सफाई दी जिसमें उन्होंने कहा था कि मंदिर से ज्यादा जरूरी अस्पताल और शिक्षा हैं। उन्होंने स्पष्ट किया — राम मंदिर बनना बहुत जरूरी है, लेकिन क्या अस्पताल बनाना जरूरी नहीं है? क्या नौकरियां और शिक्षा कम अहम हैं? लोग अब भी बेरोजगार हैं। मंदिर हमारे बच्चों का भविष्य नहीं बना सकते। अगर मंदिर से भविष्य बनता है, तो 200 मंदिर बना दो और दिखाओ कि कितने बच्चों का भविष्य बदला।
उन्होंने आगे कहा कि भगवान हर इंसान के दिल में बसते हैं, मूर्तियों में नहीं। उन्होंने नेताओं पर तंज कसते हुए कहा — जब विकास की बात करो, तो ये लोग मंदिर-मस्जिद या सनातन की बहस में उलझा देते हैं। मैं किसी से नहीं डरता, सच बोलना मेरी आदत है।
पवन-खेसारी की भिड़ंत से गरमाई सियासत
छपरा में अब मुकाबला सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि भोजपुरी स्टारडम बनाम स्टारडम का भी है। एक तरफ आरजेडी के खेसारी लाल यादव युवा और मजदूर वर्ग को अपने अंदाज़ से जोड़ रहे हैं, वहीं पवन सिंह एनडीए के मंचों पर हिंदुत्व और राष्ट्रवाद की बात करते नजर आ रहे हैं। दोनों कलाकारों की लोकप्रियता से यह सीट बिहार चुनाव की सबसे चर्चित सीटों में से एक बन गई है।


आँखें न्यूज़ 24 




