'अलविदा चाचा' बनाम 'टाइगर अभी जिंदा है' — पटना में पोस्टर वार से गरमाई सियासत
बिहार चुनाव 2025 के नतीजों से पहले पटना पोस्टरों से पट गया है। एक ओर जेडीयू का “टाइगर अभी जिंदा है” तो दूसरी ओर सपा का “अलविदा चाचा” पोस्टर। सपा नेता धर्मवीर यादव बोले — तेजस्वी की सरकार आने वाली है, चाचा दिल्ली जाएंगे।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों से पहले ही राज्य की सियासी हवा पोस्टर वार से सरगर्म हो गई है। राजधानी पटना में दीवारें अब चुनावी नारे और तंज भरे पोस्टरों से रंग चुकी हैं। जहां जेडीयू ने अपने पुराने तेवर दिखाते हुए “टाइगर अभी जिंदा है” का नारा लगाया, वहीं दूसरी ओर समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता धर्मवीर यादव ने पलटवार करते हुए पोस्टर जारी किया — “अलविदा चाचा! सिंहासन खाली करो, तेजस्वी सरकार आती है।”
इस पोस्टर में लिखा है — “जनता जब हुंकार भरती है, तो महलों की नींव हिल जाती है। सांसों के बल पर ताज हवा में उड़ता है। जनमत की राह को कोई ‘शाह’ रोक नहीं सकता। समय जिधर चाहता है, काल उधर ही मुड़ता है।”
यह पंक्तियाँ साफ इशारा करती हैं कि बिहार की सियासत में बदलाव का दावा विपक्ष खुलकर कर रहा है।

“चाचा और शाह को भैंस पर बैठाकर दिल्ली भेजेंगे”
सपा नेता धर्मवीर यादव ने कहा कि बिहार की जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा — परिणाम बस आने वाले हैं। हमारा पोस्टर लग चुका है। अब ‘चाचा’ और अमित शाह दोनों को भैंस पर बैठाकर दिल्ली भेजने की तैयारी है।
धर्मवीर यादव ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव की बिहार यात्रा के बाद दलित और पिछड़े वर्गों का वोट महागठबंधन की ओर गया है। उनका दावा है कि इस बार सरकार निश्चित रूप से बदलने जा रही है।
उन्होंने कहा — महिलाओं और युवाओं ने इस बार खुलकर वोट किया है। हम पिछड़े समाज से हैं। जब हम सीएम आवास खाली करते हैं तो लोग गंगाजल से धोते हैं, लेकिन अब मैं वादा करता हूं कि तेजस्वी सरकार आने पर सबको भैंस के दूध का छेना खिलाऊंगा।
‘एग्जिट पोल झूठा, पोस्टर सच्चा’ – लालू समर्थकों का पलटवार
लालू यादव के समर्थकों ने कहा कि इस बार जनता ने ‘एग्जिट पोल’ नहीं, ‘जनता पोल’ में वोट दिया है। “एग्जिट पोल सिर्फ माहौल बनाने का खेल है। असली टाइगर लालू यादव हैं। तेजस्वी यादव का डर दिखाकर सत्ता में बने रहने वाले लोग अब विदा लेने वाले हैं।”
‘टाइगर’ पर RJD का तंज – मनोज झा बोले, “हम भी चाहते हैं वो जिंदा रहें”
इस पोस्टर वार में आरजेडी सांसद मनोज झा ने भी व्यंग्य का तड़का लगाया। उन्होंने जेडीयू के पोस्टर “टाइगर अभी जिंदा है” पर कहा — “कौन नहीं चाहेगा कि वो जिंदा रहें? लेकिन 18 तारीख को वही ‘टाइगर’ तेजस्वी यादव को आशीर्वाद देते नजर आएंगे।”
उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लोग “राजनीतिक व्यंग्य की मास्टरक्लास” बता रहे हैं।
पटना बना पोस्टर पॉलिटिक्स का अखाड़ा
बिहार की राजनीति में पोस्टर हमेशा से सियासी संदेश देने का सबसे तेज़ माध्यम रहा है। 2015 में ‘बिहार में बहार है, नीतीशे कुमार है’ से लेकर 2020 में ‘10 लाख नौकरी वाला वादा’ और अब 2025 में ‘अलविदा चाचा’ बनाम ‘टाइगर अभी जिंदा है’ — हर चुनाव में दीवारें जनता की आवाज़ बन गई हैं। इस पोस्टर वॉर ने परिणामों से पहले ही माहौल में जोश और टकराव दोनों को बढ़ा दिया है।


आँखें न्यूज़ 24 




