पटना में राहुल गांधी का विरोध मार्च, पप्पू यादव को मंच से रोका; बाल-बाल बचे गिरने से!
पटना में राहुल गांधी के नेतृत्व में महागठबंधन का विरोध मार्च, पप्पू यादव को मंच से रोका गया, गिरते-गिरते बचे। बिहार बंद से रेल और सड़क यातायात ठप। पूरी खबर पढ़ें।
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन (Mahagathbandhan) ने बुधवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) के विरोध में राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया। इस दौरान राजधानी पटना की सड़कों पर जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला। कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने पटना में निर्वाचन आयोग के दफ्तर तक महागठबंधन के विरोध मार्च का नेतृत्व किया।
महागठबंधन के मंच पर जुटे दिग्गज नेता
इस मार्च में राहुल गांधी के साथ आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, भाकपा महासचिव डी राजा, सीपीआई(एमएल) महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य सहित कई वरिष्ठ विपक्षी नेता मौजूद रहे। पटना के आयकर गोलंबर से शुरू हुए इस मार्च में विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह रेल और सड़क यातायात को बाधित किया।
पप्पू यादव को मंच से रोका, हुआ हंगामा
इस विरोध मार्च के दौरान सबसे बड़ी चर्चा का विषय रहे पूर्णिया के सांसद और निर्दलीय नेता पप्पू यादव (Pappu Yadav)। जैसे ही राहुल गांधी और अन्य नेता एक वाहन पर सवार हुए, पप्पू यादव भी अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे और वाहन पर चढ़ने की कोशिश की।
विडंबना यह रही कि जब उनके समर्थक आराम से वाहन पर चढ़ गए, तो पप्पू यादव को सुरक्षाकर्मियों ने रोक दिया। हालांकि, एक गार्ड ने उन्हें चढ़ाने की कोशिश की, लेकिन दूसरे गार्ड ने उन्हें धक्का देकर उतार दिया। इस दौरान पप्पू यादव गिरते-गिरते बचे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
रेलवे स्टेशन पर भी किया प्रदर्शन
मार्च से पहले पप्पू यादव सचिवालय हॉल्ट रेलवे स्टेशन पहुंचे और अपने समर्थकों के साथ रेल यातायात रोकने की कोशिश की। इसी वजह से पटना और अन्य जिलों में ट्रेनों की आवाजाही और सड़क यातायात कई घंटे तक बाधित रहा।


आँखें न्यूज़ 24 




