अखिलेश यादव का दावा: 'अबकी बार, BJP बिहार से बाहर' — राहुल गांधी और तेजस्वी संग सड़क पर दिखी विपक्षी एकता
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले विपक्षी एकता दिखाते हुए राहुल गांधी, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव ने ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में भाग लिया। अखिलेश ने नारा दिया — “अबकी बार BJP बिहार से बाहर” और चुनाव आयोग को ‘जुगाड़ आयोग’ कहा।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले महागठबंधन ने अपने अभियान को धार देने के लिए ‘वोटर अधिकार यात्रा’ निकाली है। शनिवार को इस यात्रा में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव के साथ शामिल हुए।
तीनों नेता एक खुली जीप पर सवार होकर उत्साही भीड़ का अभिवादन करते नजर आए। जगह-जगह समर्थकों ने नारे लगाए और महागठबंधन के नेताओं का जोरदार स्वागत किया।
सासाराम से पटना तक 16 दिनों की यात्रा
यह यात्रा 17 अगस्त को सासाराम से शुरू हुई थी और अलग-अलग जिलों से गुजरते हुए 1 सितंबर को पटना में विशाल पैदल मार्च के साथ समाप्त होगी। अब तक यह यात्रा रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, शेखपुरा, नालंदा, लखीसराय, मुंगेर, कटिहार, पूर्णिया, सुपौल, मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, चंपारण, गोपालगंज और सीवान जैसे जिलों से होकर गुजर चुकी है।
BJP पर अखिलेश का सीधा हमला
अखिलेश यादव ने इस मौके पर भाजपा को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा— हमने उन्हें अवध में हराया था, अब आप लोग उन्हें मगध (बिहार) में हराइए। उन्होंने नारा दिया — अबकी बार, BJP बिहार से बाहर।
सपा प्रमुख ने दावा किया कि बिहार चुनाव केवल एक राज्य का चुनाव नहीं, बल्कि पूरे देश की राजनीति की दिशा तय करेगा। उनका कहना था कि जनता अब भाजपा और उसके सहयोगियों को सत्ता से बाहर करने के मूड में है।
चुनाव आयोग और SIR प्रक्रिया पर सवाल
अखिलेश यादव ने भाजपा और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव आयोग को “जुगाड़ आयोग” बना दिया है। उनका कहना था कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से बड़ा कोई “सिरफिरा फैसला” नहीं हो सकता। अखिलेश ने कहा कि बिहार पहले भी भाजपा का रथ रोक चुका है और इस बार भी जनता वही करेगी।
'इस्तेमाल करने वाली पार्टी है BJP'
अपने भाषण में अखिलेश ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा, भाजपा जनता का इस्तेमाल करती है और बाद में उन्हें बर्बाद कर देती है। यह पार्टी पहले वोट का अधिकार छीनेगी, फिर राशन और नौकरी का। बिहार की जनता ने देखा है कि तेजस्वी यादव ने युवाओं को रोजगार दिलाने की कोशिश की थी, जबकि भाजपा सिर्फ पलायन करवाती है। उन्होंने कहा, इस बार बिहार से BJP का पलायन होने जा रहा है।
बिहार चुनाव पर सबकी निगाहें
अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि बिहार का यह चुनाव ऐतिहासिक होगा। उन्होंने इसे सामाजिक न्याय और भेदभाव की लड़ाई का हिस्सा बताया। उनके मुताबिक, भाजपा जिस राजनीति का इस्तेमाल करती है, वह जनता के हक और अधिकारों को छीनने वाली है।


आँखें न्यूज़ 24 




