गिरिराज सिंह का विवादित बयान: मुसलमानों को बताया ‘नमक हराम’, राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
बेगूसराय से सांसद और केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने मुसलमानों पर विवादित टिप्पणी करते हुए उन्हें ‘नमक हराम’ कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्लिम समुदाय मोदी सरकार की योजनाओं का लाभ उठाता है लेकिन वोट नहीं देता। साथ ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री के खिलाफ एआई वीडियो बनवाकर महिलाओं और गरीबों का अपमान किया है।
बेगूसराय से सांसद और केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह एक बार फिर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। शुक्रवार को उन्होंने मुस्लिम समुदाय को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के बावजूद मुसलमान वोट नहीं देते, ऐसे लोग नमक हराम हैं।
मुसलमानों पर तीखा हमला
गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सबके विकास के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुसलमान योजनाओं का फायदा तो उठाते हैं, लेकिन वोट देने की बारी आती है तो भाजपा को समर्थन नहीं करते।
उन्होंने भीड़ से सवाल करते हुए कहा – अगर किसी की मदद करो और वही शख्स बेईमान निकले, तो क्या उसे नमक हराम नहीं कहा जाएगा?
मस्जिद बनाम मंदिर की हुंकार
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि अगर मस्जिदों से मौलवी फतवा देंगे तो मंदिरों से भी आवाज उठेगी। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अब हिंदू समाज भी चुप नहीं बैठेगा।
राहुल गांधी पर सीधा हमला
गिरिराज सिंह ने इस दौरान कांग्रेस और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कांग्रेस के कथित एआई वीडियो विवाद का जिक्र करते हुए कहा – राहुल गांधी अब इतना नीचे गिर गए हैं कि प्रधानमंत्री पर फर्जी वीडियो बनवा रहे हैं। यह महिलाओं और गरीबों का अपमान है।
उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी अपनी मां का सम्मान नहीं करते, तो दूसरों की मां का कैसे करेंगे।
प्रधानमंत्री पर फर्जी एआई वीडियो बनाने का आरोप
गिरिराज सिंह ने मांग की कि राहुल गांधी और उनकी पार्टी पर प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ एआई वीडियो बनाने के लिए कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को सामाजिक और कानूनी दोनों तरह से दंडित किया जाना चाहिए।


आँखें न्यूज़ 24 




