कनाडा के ओकविल में भारतीय फिल्मों की स्क्रीनिंग के दौरान फायरिंग और आगजनी, खालिस्तानी लिंक की जांच
कनाडा के ओकविल स्थित Film.Ca Cinemas पर लगातार दो हमलों से हड़कंप। पहले पेट्रोल से आग लगाने की कोशिश, फिर फायरिंग। खालिस्तानी कनेक्शन की आशंका, पुलिस जांच में जुटी। जानिए पूरी रिपोर्ट।
कनाडा के ओंटारियो प्रांत के ओकविल (Oakville) शहर में स्थित Film.Ca Cinemas पर लगातार दो हमलों से सनसनी फैल गई है। पहले हमले में उपद्रवियों ने थिएटर को आग लगाने की कोशिश की और दूसरे में गोलियां चलाईं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन हमलों का संबंध खालिस्तानी समर्थकों से हो सकता है, जो भारतीय फिल्मों की स्क्रीनिंग को लेकर विरोध जता रहे थे।
पहला हमला: आगजनी की कोशिश
25 सितंबर की सुबह करीब 5:20 बजे दो संदिग्धों ने सिनेमाघर के गेट पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। हमलावर लाल गैस कैन लेकर आए थे। सीसीटीवी फुटेज में एक ग्रे SUV और एक व्हाइट SUV दिखी है जिनसे हमलावर आए और भाग निकले। हालांकि आग ज्यादा नहीं फैली और थिएटर को मामूली नुकसान हुआ।
दूसरा हमला: गोलियों की बौछार
2 अक्टूबर को रात करीब 1:50 बजे फिर से हमला हुआ। इस बार एक संदिग्ध ने थिएटर के प्रवेश द्वार पर फायरिंग कर दी। हमलावर ने काले कपड़े और मास्क पहन रखे थे। पुलिस ने बताया कि संदिग्ध भारी शरीर वाला था और हमला पूरी तरह टारगेटेड था। घटना के बाद थिएटर में अफरा-तफरी मच गई।
भारतीय फिल्मों की स्क्रीनिंग पर असर
इन हमलों के बाद थिएटर प्रबंधन ने एहतियातन दो भारतीय फिल्मों की स्क्रीनिंग रोक दी। थिएटर के CEO जेफ़ नॉल (Jeff Knoll) ने कहा, हम सिर्फ़ इसलिए निशाना बनाए गए क्योंकि हम साउथ एशियन फिल्में दिखा रहे थे। लेकिन हमारा मकसद है कि दर्शक सुरक्षित माहौल में फिल्में देख सकें। हम किसी दबाव में नहीं झुकेंगे।
खालिस्तानी कनेक्शन की जांच
दोनों हमले एक ही पैटर्न पर किए गए हैं, जिससे आशंका है कि यह भारतीय फिल्मों को लेकर सुनियोजित हमला हो सकता है। पुलिस ने इस मामले को टारगेटेड अटैक माना है। हैल्टन पुलिस (Halton Police) जांच कर रही है। शुरुआती स्तर पर इसे खालिस्तानी समर्थकों से जोड़ा जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
कनाडा में भारतीय फिल्मों की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है, लेकिन इस तरह की घटनाएँ न सिर्फ़ दर्शकों की सुरक्षा को चुनौती देती हैं, बल्कि यह सवाल भी उठाती हैं कि क्या कट्टरपंथी ताकतें सांस्कृतिक आयोजनों को रोकने की कोशिश कर रही हैं। फिलहाल स्थानीय प्रशासन मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है और थिएटर प्रबंधन ने साफ कर दिया है कि सुरक्षा के साथ समझौता किए बिना फिल्मों की स्क्रीनिंग जारी रहेगी।


आँखें न्यूज़ 24 




