दिल्ली CM रेखा गुप्ता पर हमला: सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव, Z+ सिक्योरिटी के बीच अब और सख्ती
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ। आरोपी राजेश खीमजी गिरफ्तार, आपराधिक रिकॉर्ड चौंकाने वाला। सुरक्षा में बड़े बदलाव, CRPF कमांडोज तैनात। पढ़ें पूरी खबर।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को उस समय हमला हुआ जब वह सिविल लाइंस स्थित अपने सरकारी आवास पर जनसुनवाई कर रही थीं। इस दौरान 41 वर्षीय आरोपी राजेश खीमजी ने अचानक उन पर कोई पत्थर जैसी वस्तु फेंकी और उनका हाथ पकड़कर खींच लिया। इससे सीएम रेखा गुप्ता का सिर पास की मेज से टकरा गया और वह घायल हो गईं।
हमलावर गिरफ्तार, आपराधिक रिकॉर्ड चौंकाने वाला
पुलिस ने हमलावर को मौके से गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी राजकोट (गुजरात) का रहने वाला है और उसके खिलाफ 9 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें तस्करी, शराब का धंधा और हत्या की कोशिश तक के केस शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ने मुख्यमंत्री आवास की पहले से रेकी (Reki) की थी और प्रोफेशनल अपराधी की तरह व्यवहार कर रहा था।
सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव, CRPF कमांडो तैनात
हमले के बाद सीएम की सुरक्षा की समीक्षा के लिए हाई लेवल मीटिंग बुलाई गई। इसके बाद फैसला लिया गया कि जनसुनवाई में अब कोई भी सीधे मुख्यमंत्री के करीब नहीं जा पाएगा। शिकायतकर्ताओं की पहले वेरीफिकेशन होगी, फिर ही उन्हें सुनवाई का मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में अब CRPF कमांडोज तैनात रहेंगे। सीएम को पहले से ही मिली Z प्लस सिक्योरिटी बरकरार रहेगी।
कपिल मिश्रा ने कहा – "यह साधारण घटना नहीं थी"
कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने सीएम रेखा गुप्ता से मुलाकात कर कहा कि यह हमला किसी साधारण घटना की तरह नहीं था। उन्होंने बताया कि सीएम घर से ही फाइलों पर काम कर रही हैं लेकिन उन्हें आराम की जरूरत है।
उन्होंने कहा, आरोपी का पूरा बैकग्राउंड आपराधिक है। उसने पहले से रेकी की थी और उसका व्यवहार एक प्रोफेशनल क्रिमिनल जैसा था। CCTV फुटेज इसकी पुष्टि करते हैं।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा – 'यह हमला केवल मुझ पर नहीं, बल्कि जनता की सेवा पर था'
हमले के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा– जनसुनवाई के दौरान मेरे ऊपर हमला हुआ। यह हमला केवल मेरे ऊपर नहीं बल्कि दिल्ली की सेवा और जनता की भलाई के संकल्प पर किया गया एक कायराना प्रयास था। उन्होंने कहा कि स्वाभाविक है वह सदमे में थीं, लेकिन अब बेहतर महसूस कर रही हैं और जल्द ही लोगों के बीच सक्रिय होकर काम करेंगी।


आँखें न्यूज़ 24 




