धमाके से दहली दिल्ली: अब तक 10 की मौत; पीएम मोदी और गृहमंत्री ने ली पूरी जानकारी; यूपी, मुंबई और उत्तराखंड में हाई अलर्ट
दिल्ली के लाल किले के पास हुए धमाके में 10 लोगों की मौत हो चुकी है और कई घायल हैं। पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने घटना की जानकारी ली है। फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है जबकि यूपी, मुंबई और उत्तराखंड में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास सोमवार की शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक तेज धमाका हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब साढ़े छह बजे अचानक एक गाड़ी में विस्फोट हुआ और कुछ ही सेकंड में चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास की इमारतों और दुकानों के शीशे चकनाचूर हो गए।
अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, धमाके में 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों को तुरंत एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
पीएम मोदी और अमित शाह ने ली रिपोर्ट, देशभर में बढ़ाई गई सतर्कता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तुरंत गृहमंत्री अमित शाह से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली। अमित शाह ने IB डायरेक्टर और दिल्ली पुलिस कमिश्नर से रिपोर्ट मांगी और सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया। वहीं, दिल्ली पुलिस ने आसपास के सभी ऐतिहासिक और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है।
यूपी, मुंबई और उत्तराखंड में हाई अलर्ट
दिल्ली ब्लास्ट के बाद पड़ोसी राज्यों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उत्तर प्रदेश पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे फील्ड में उतरें और हर संवेदनशील इलाके में कड़ी चौकसी रखें।
यूपी के महराजगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और बॉर्डर की पगडंडियों पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
जांच के घेरे में कई संदिग्ध, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं
दिल्ली पुलिस ने धमाके वाली जगह से लगे CCTV कैमरों के फुटेज कब्जे में ले लिए हैं। प्रारंभिक जांच में कुछ संदिग्ध गाड़ियों और व्यक्तियों के बारे में सुराग मिले हैं। जांच एजेंसियों का कहना है कि जल्द ही धमाके की साजिश का खुलासा हो सकता है।
जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम, चारों ओर सुरक्षाबलों का पहरा
घटना के तुरंत बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। NIA और IB के अधिकारी भी जांच में शामिल हो चुके हैं। फॉरेंसिक विशेषज्ञ धमाके के मलबे से साक्ष्य जुटा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि विस्फोट में किस तरह का इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) इस्तेमाल हुआ।
चश्मदीदों ने बताया – 'ऐसा लगा जैसे जमीन फट गई हो'
एक चश्मदीद ने बताया – मैं सड़क किनारे ममोज खाने गया था। अचानक इतना तेज धमाका हुआ कि मैं हवा में उछल गया। कई गाड़ियां आग की लपटों में घिर गईं। लोगों को अपनी जान बचाने के लिए दौड़ना पड़ा।”
दूसरे व्यक्ति ने कहा, धमाके की तीव्रता ऐसी थी कि मुझे लगा, पूरा इलाका धंस जाएगा। मैंने तीन बार गिरने के बाद खुद को संभाला।
लाल किले के पास हुआ यह धमाका देश की राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां मिलकर जांच में जुटी हैं, लेकिन अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि इस हमले के पीछे आतंकी संगठन का हाथ है या यह किसी अन्य साजिश का हिस्सा।


आँखें न्यूज़ 24 




