दिल्ली में लाल किले के पास कार में जोरदार धमाका, अब तक 8 लोगों की मौत; इलाके में अफरातफरी
दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास एक कार में जोरदार धमाका हुआ, जिससे आग लग गई। धमाके की चपेट में आईं दो अन्य कारें भी जल गईं। दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
देश की राजधानी दिल्ली सोमवार की शाम जोरदार धमाके से दहल उठी। लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास खड़ी एक कार में अचानक विस्फोट हो गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में कई लोग घायल बताए जा रहे हैं, जबकि 8 लोगों के मौत होने की बात सामने आ रही है।
धमाका इतना तेज़ था कि आसपास के घरों और दुकानों के शीशे तक टूट गए। चश्मदीदों के मुताबिक कुछ सेकंड के भीतर कार आग के गोले में तब्दील हो गई और पास में खड़ी दो अन्य गाड़ियां भी लपटों की चपेट में आ गईं।
आग इतनी भयंकर थी कि चंद मिनटों में तीनों कारें खाक हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि "धमाके के बाद ऐसा लगा जैसे किसी बम से हमला हुआ हो। चारों तरफ धुआं और चिल्लाने की आवाजें थीं।"
फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर, जांच के लिए फॉरेंसिक टीम तैनात
विस्फोट की सूचना मिलते ही पुलिस और दिल्ली फायर डिपार्टमेंट की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। फायर डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने बताया कि आग पर काफी मशक्कत के बाद काबू पाया जा सका है।
विभाग ने पुष्टि की है कि धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास हुआ, जिससे आसपास खड़ी 3 से 4 कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि, धमाके की वजह को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
लाल किले के पास सुरक्षा अलर्ट, इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू
चूंकि धमाका दिल्ली के संवेदनशील क्षेत्र में हुआ है, इसलिए पुलिस ने एहतियातन पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ता मौके पर मौजूद हैं ताकि किसी अन्य संदिग्ध वस्तु की जांच की जा सके।
चश्मदीदों ने बताया – ‘घर हिल गए, दुकानें टूट गईं’
स्थानीय निवासी ने बताया, धमाका इतना जोरदार था कि हमें लगा जैसे भूकंप आ गया हो। हमारी दुकान के शीशे टूट गए और चारों ओर धुआं छा गया।
दूसरे चश्मदीद ने कहा, धमाका सुनते ही लोग भागने लगे। जिस कार में ब्लास्ट हुआ, वो चंद सेकंड में आग का गोला बन गई। उसके पास खड़ी दो कारें भी जल गईं।
धमाके के वक्त वहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, क्योंकि शाम के समय लाल किला मेट्रो स्टेशन के बाहर भीड़भाड़ रहती है।
हादसा या किसी साजिश की झलक?
फिलहाल पुलिस ने इलाके को पूरी तरह खाली करा लिया है। आसपास के इलाके में अलर्ट जारी है, और जांच एजेंसियां अब विस्फोट के वैज्ञानिक और तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही हैं।
लाल किला क्षेत्र में कड़ी निगरानी
घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने लाल किले, जामा मस्जिद, चांदनी चौक और मेट्रो स्टेशनों की सुरक्षा बढ़ा दी है। डॉग स्क्वॉड, बम डिस्पोजल टीम और स्थानीय पुलिस ने मिलकर इलाके की तलाशी शुरू कर दी है। साथ ही मेट्रो स्टेशन के बाहर लगी निगरानी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है।


आँखें न्यूज़ 24 




