दिल्ली में सनसनी! DPS द्वारका समेत 3 स्कूलों में हड़कंप, सुबह-सुबह मिला बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल
DPS द्वारका समेत 3 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। सुबह-सुबह आए ईमेल के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। बच्चों को सुरक्षित निकाला गया, अभिभावकों में दहशत।
दिल्ली में सोमवार सुबह सनसनीखेज स्थिति पैदा हो गई, जब द्वारका के दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। यह मेल सुबह करीब 7 बजे स्कूल प्रबंधन के पास पहुंचा, जिसके बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
स्कूल प्रशासन ने तुरंत एहतियात बरतते हुए सभी बच्चों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे स्कूल कैंपस की गहन तलाशी शुरू कर दी।
कुछ ही देर बाद, धमकी भरे ईमेल मॉडर्न कॉन्वेंट स्कूल (सेक्टर-4, द्वारका) और श्रीराम वर्ल्ड स्कूल (सेक्टर-10) को भी मिले। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और अभिभावकों की चिंता बढ़ गई।
प्रशासन ने घोषणा की कि सुरक्षा कारणों से स्कूल पूरे दिन बंद रहेंगे। सभी परीक्षाएं और अन्य गतिविधियां फिलहाल स्थगित कर दी गई हैं। बच्चों को सुरक्षित उनके अभिभावकों तक पहुंचा दिया गया।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि धमकी एक जीमेल आईडी से भेजी गई है। जांच एजेंसियां लगातार इस मेल के स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में दिल्ली के स्कूलों को लगातार इस तरह की धमकियां मिल रही हैं। मई 2024 में भी DPS द्वारका और अन्य बड़े स्कूलों को ईमेल के जरिए धमकी दी गई थी। खास बात यह है कि हाल के हफ्तों में यह DPS द्वारका को मिली तीसरी धमकी है। पहले की दो धमकियां फर्जी साबित हुई थीं, लेकिन हर बार यह बच्चों और अभिभावकों के बीच डर का माहौल बना देती हैं।
फिलहाल, पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और जांच में साइबर सेल को भी शामिल किया गया है।


आँखें न्यूज़ 24 




