19 साल बाद इतिहास रचेंगे डोनाल्ड ट्रंप? पाकिस्तान दौरे की तैयारी, अमेरिका-पाक रिश्तों में नई गर्माहट
अमेरिका और पाकिस्तान के रिश्तों में नई गर्माहट! सेना प्रमुख आसिम मुनीर के बाद अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सितंबर 2025 में पाकिस्तान दौरे पर जा सकते हैं। जानिए 19 साल बाद ऐसा क्यों होने जा रहा है।
पाकिस्तान और चीन की करीबी जगजाहिर है, लेकिन अब पाकिस्तान अमेरिका से भी रिश्ते साधने में जुटा है। इसी कड़ी में पाकिस्तान आर्मी चीफ जनरल आसिम मुनीर के हालिया अमेरिका दौरे के बाद दोनों देशों के रिश्तों में गर्मजोशी आई है। सूत्रों के मुताबिक अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी पाकिस्तान का दौरा करने जा रहे हैं। संभावना जताई जा रही है कि ट्रंप सितंबर 2025 में इस्लामाबाद पहुंच सकते हैं।
आसिम मुनीर के अमेरिका दौरे ने बदली फिजा
कुछ हफ्ते पहले जब पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर अमेरिका दौरे पर पहुंचे थे, तो उनका व्हाइट हाउस में शानदार स्वागत हुआ था। कूटनीतिक हलकों में इसे दोनों देशों के बीच रिश्तों में सुधार की दिशा में बड़ा कदम माना गया।
19 साल बाद कोई अमेरिकी राष्ट्रपति पाकिस्तान की धरती पर
अगर डोनाल्ड ट्रंप इस दौरे को अंजाम देते हैं तो यह करीब 19 साल बाद होगा जब कोई अमेरिकी राष्ट्रपति पाकिस्तान जाएगा। आखिरी बार जॉर्ज बुश मार्च 2006 में पाकिस्तान दौरे पर गए थे। उनसे पहले बिल क्लिंटन वर्ष 2000 में पाक दौरे पर पहुंचे थे, हालांकि उन्होंने कुछ ही घंटे वहां बिताए।
भारत के ऑपरेशन सिंदूर और सीजफायर में ट्रंप की भूमिका का दावा
हाल ही में कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया था। इस ऑपरेशन में भारतीय सेना ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) और पाकिस्तान के कई आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया। जवाब में पाकिस्तान ने भारतीय शहरों पर हमले की कोशिश की, लेकिन अंत में दोनों देशों में सीजफायर हो गया। डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि यह सीजफायर उनकी मध्यस्थता के कारण संभव हुआ।


आँखें न्यूज़ 24 




