Indresh Maharaj Wedding: जयपुर में रचा गया ‘Mini Vrindavan’, सात फेरों के साथ इंद्रेश-शिप्रा बने जीवनसाथी
Jaipur के Taj Amer Hotel में Indresh Maharaj और Shipra की भव्य शादी, Mini Vrindavan जैसी सजावट, संतों-सितारों की मौजूदगी और ब्रज परंपराएं बनीं आकर्षण।
जयपुर के भव्य ताज आमेर होटल में आज आध्यात्म, भक्ति और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां युवा कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय और शिप्रा अग्नि के सात फेरे लेकर हमेशा के लिए एक-दूसरे के हो गए। पूरे विवाह स्थल को मिनी वृंदावन का रूप दिया गया है, जहां हर तरफ श्रीकृष्ण की लीलाओं, रासलीला के कटआउट्स और ब्रज संस्कृति की झलक नजर आई। मंडप को भी विशेष रूप से ‘वृंदावन’ नाम दिया गया, जिससे पूरा माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
वृंदावन से जयपुर तक भक्ति और उल्लास की भव्य बारात
तीन दिसंबर को इंद्रेश उपाध्याय की भव्य बारात वृंदावन से जयपुर के लिए रवाना हुई थी, जिसमें हाथी-घोड़े, पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-नगाड़ों की गूंज और भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था। इस यात्रा के कई वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुईं, जिससे देशभर में इस विवाह को लेकर खास उत्सुकता बनी रही। वृंदावन से जयपुर तक पूरी यात्रा एक चलते-फिरते उत्सव में बदल गई।
वैदिक परंपराओं और ब्रज विधानों के साथ हुआ विवाह
शादी की रस्मों को पूरी तरह ब्रज परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया। वृंदावन के विद्वान ब्राह्मणों के साथ-साथ काशी, उज्जैन और नासिक से वैदिक ब्राह्मण भी बुलाए गए, जिन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ विवाह संस्कार संपन्न कराया। शुभ मुहूर्त सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तय किया गया था, जिसमें फेरों सहित सभी मुख्य रस्में पूरी की गईं।
मेहंदी-संगीत समारोह में भक्ति और बॉलीवुड का मेल
शादी से पहले वृंदावन में मेहंदी, हल्दी और भव्य संगीत समारोह आयोजित हुआ था। गुरुवार रात मेहंदी की रस्म में शिप्रा शर्मा ने खुद इंद्रेश उपाध्याय के हाथों में मेहंदी रचाई। इसके बाद हुए संगीत कार्यक्रम में इंद्रेश उपाध्याय ने अपने भजनों से समां बांध दिया। वहीं सिंगर बी प्राक भी इस समारोह में शामिल हुए और उन्होंने भक्ति गीतों के साथ अपनी आगामी एल्बम के गीत भी सुनाए, जिस पर पूरा माहौल झूम उठा।
संतों, सितारों और कथावाचकों से सजी विवाह की महफिल
इस हाई-प्रोफाइल विवाह में देश की कई जानी-मानी आध्यात्मिक और मनोरंजन जगत की हस्तियां शामिल हुईं। बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र शास्त्री, जिन्हें इंद्रेश उपाध्याय अपना छोटा भाई मानते हैं, प्रमुख अतिथियों में रहे। इनके अलावा देवकीनंदन ठाकुर, अनिरुद्धाचार्य महाराज, पुंडरीक गोस्वामी, जगद्गुरु रामभद्राचार्य के प्रतिनिधि, मलूक पीठाधीश्वर राजेंद्र दास महाराज, कन्नौज-बद्रीनाथ वाले बाल योगेश्वर दास सहित कई संत-महात्मा मौजूद रहे। बॉलीवुड अभिनेता आशुतोष राणा और प्रसिद्ध कथावाचिका जया किशोरी जी ने भी समारोह की रौनक बढ़ाई।
ब्रज और राजस्थान के स्वाद से सजी शाही दावत
मेहमानों के स्वागत और भोज के लिए ब्रज और राजस्थान के पारंपरिक व्यंजनों का विशेष प्रबंध किया गया। मेन्यू में ब्रज की रबड़ी, लस्सी, मेवा बाटी, जलेबी, आलू टिक्की और कचौड़ी जैसी खास चीजें शामिल रहीं। वृंदावन से आए हलवाई विशेष तौर पर पूरे भोजन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, ताकि स्वाद में भी ब्रज की असली खुशबू बनी रहे।
हाई सिक्योरिटी के साथ हाई-प्रोफाइल आयोजन
शादी स्थल पर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। ताज आमेर होटल में प्रवेश केवल विशेष अनुमति के बाद ही संभव है और करीब 250 बाउंसर सुरक्षा में तैनात किए गए हैं। होटल को दुल्हन की तरह सजाया गया है, जहां भक्ति संगीत और पारंपरिक भारतीय सजावट पूरे आयोजन को और भव्य बना रही है।
जयपुर के बाद अब वृंदावन में होगा भव्य स्वागत
शाम को छह बजे से आशीर्वाद समारोह और प्रीतिभोज का आयोजन किया जाएगा, जिसमें संत-महात्मा, कलाकार और गणमान्य अतिथि नवदंपती को आशीर्वाद देंगे। इसके बाद जब शिप्रा वृंदावन बहू बनकर पहुंचेंगी, तो वहां भी उनके स्वागत के लिए विशेष भव्य तैयारियां पहले से ही की जा चुकी हैं।
भक्ति, युवा लोकप्रियता और सोशल मीडिया का अनोखा संगम
कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय की लोकप्रियता केवल धार्मिक मंचों तक सीमित नहीं है। सोशल मीडिया और युवाओं के बीच उनकी खास पहचान है। यही वजह है कि उनकी शादी आध्यात्म, संस्कृति और आधुनिक सोशल मीडिया ट्रेंड—तीनों का अनोखा मिश्रण बन गई है। इस विवाह समारोह पर सिर्फ भक्ति जगत ही नहीं, बल्कि आम जनता और मीडिया की भी नजरें टिकी रहीं।


आँखें न्यूज़ 24 




