IPL 2025 में हैट्रिक लेने वाले युजवेंद्र चहल बोले – 'तलाक के बाद इतना टूटा कि खुदकुशी का ख्याल आया'
IPL 2025 में हैट्रिक लेने वाले युजवेंद्र चहल ने धनश्री से तलाक, डिप्रेशन और खुदकुशी जैसे विचारों पर खुलकर बात की। जानिए उन्होंने क्या कहा राज शमनी के पॉडकास्ट में।
IPL 2025 में पंजाब किंग्स (Punjab Kings) की ओर से हैट्रिक लेने वाले दिग्गज लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) ने हाल ही में अपने निजी जीवन को लेकर ऐसा खुलासा किया है जिसने उनके फैंस को झकझोर कर रख दिया है। राज शमनी के पॉडकास्ट में बातचीत करते हुए चहल ने धनश्री वर्मा (Dhanashree Verma) से तलाक के बाद की मानसिक स्थिति को लेकर गंभीर बातें साझा कीं।
'मैं डिप्रेशन में था, सुसाइड का भी ख्याल आया था'
चहल ने बताया कि धनश्री से तलाक के बाद वो इतने मानसिक तनाव में चले गए थे कि एक वक्त पर उन्हें एंग्जायटी अटैक (Anxiety Attacks) तक आने लगे थे। उन्होंने कहा, चार-पांच महीने तक मैं डिप्रेशन में था। मेरी आंखों के सामने अंधेरा छा जाता था, नींद नहीं आती थी। मैं सिर्फ दो-तीन घंटे सो पाता था और बाकी वक्त अपने खास दोस्तों से बात करता था। दिमाग ने काम करना बंद कर दिया था, और खुदकुशी का ख्याल भी आया था।
'मैदान से दूर जाना पड़ा... क्योंकि मैं 100% नहीं दे पा रहा था'
चहल ने यह भी स्वीकार किया कि उस दौर में उनका क्रिकेट में मन नहीं लग रहा था। उन्होंने कहा कि उन्होंने कुछ महीनों का ब्रेक इसलिए लिया क्योंकि मैं अपने खेल में 100 प्रतिशत नहीं दे पा रहा था। मैदान पर फोकस नहीं कर पा रहा था। इसलिए क्रिकेट से दूरी बना ली। भले ही ज़िंदगी में सब कुछ था, लेकिन एक खालीपन मुझे खा रहा था।
'लोगों ने मुझे धोखेबाज कहा, पर मैं कभी बेवफा नहीं रहा'
धनश्री से तलाक के बाद सोशल मीडिया पर युजवेंद्र चहल को लेकर तरह-तरह की अफवाहें उड़ने लगीं। किसी ने उन्हें 'धोखेबाज पति कहा, तो किसी ने 'गलत इंसान'। इस पर चहल ने दुख जताते हुए कहा, मैंने किसी को धोखा नहीं दिया। मुझे वफादारी सिखाई गई है। मेरी दो बहनें हैं और मुझे औरतों का सम्मान करना आता है। लोग कुछ भी कह देते हैं, क्योंकि उन्हें सच्चाई नहीं पता होती।
'अब जवाब देना जरूरी था'
चहल ने कहा कि उन्होंने अब तक चुप्पी इसलिए साधे रखी थी क्योंकि वह सही वक्त का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा, जब आप रिएक्ट करते हैं तो लोग आपको और छेड़ते हैं। लेकिन जवाब देना ज़रूरी था। ये मेरी जिंदगी है और मैं किसी को सफाई देने के लिए नहीं जीता।


आँखें न्यूज़ 24 




