झालावाड़ स्कूल हादसा: जर्जर छत गिरने से 7 मासूमों की मौत, कई घायल; बचाव कार्य जारी

राजस्थान के झालावाड़ में स्कूल की छत गिरने से बड़ा हादसा, 7 बच्चों की मौत। कई घायल। राहत-बचाव कार्य जारी, मुख्यमंत्री ने जांच के आदेश दिए।

झालावाड़ स्कूल हादसा: जर्जर छत गिरने से 7 मासूमों की मौत, कई घायल; बचाव कार्य जारी
घटनास्थल पर टूटी हुई स्कूल बिल्डिंग, आसपास ग्रामीण और रेस्क्यू कर्मी

राजस्थान के झालावाड़ ज़िले के मनोहरथाना ब्लॉक के पिपलोदी गांव में शुक्रवार सुबह एक भयानक हादसा हो गया। गांव के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे स्कूल में पढ़ रहे छोटे बच्चे मलबे में दब गए। हादसे के कुछ ही देर बाद दीवार भी ढह गई, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।

अब तक 7 मासूमों की मौत, संख्या और बढ़ सकती है
राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने 7 बच्चों की मौत की पुष्टि की है। 20 से अधिक बच्चे घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर है। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल की छत पहले से जर्जर थी और लगातार बारिश के कारण दीवारों में नमी आ गई थी।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी 
एसपी अमित कुमार बुडानिया और जिला कलेक्टर मौके पर पहुंचे हैं। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है, और घायल बच्चों को मनोहरथाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CSC) में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोग भी प्रशासन के साथ मिलकर बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

नेताओं की प्रतिक्रियाएं 
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और अधिकारियों को राहत व बचाव तेज करने को कहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने X पर लिखा, झालावाड़ के मनोहरथाना में सरकारी स्कूल की इमारत गिरने से कई बच्चों के हताहत होने की सूचना है। ईश्वर से प्रार्थना है कि जनहानि कम हो और घायल शीघ्र स्वस्थ हों।