नीतीश कुमार ने मंच से ऐसा क्या कहा कि पीएम मोदी ने जोड़े हाथ? जानिए सीवान रैली की खास बातें
सीवान रैली में पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार ने विकास कार्यों की उपलब्धियां गिनाईं। वंदे भारत ट्रेन और पीएम आवास योजना जैसी बड़ी परियोजनाओं की सौगात दी।
बिहार के सीवान में आयोजित जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच एक अनोखी केमिस्ट्री नजर आई। दोनों नेताओं को बातचीत करते और मुस्कुराहटों का आदान-प्रदान करते देखा गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में जातिगत जनगणना के लिए प्रधानमंत्री मोदी का अलग अंदाज में धन्यवाद किया, जिससे सभा में नई ऊर्जा का संचार हुआ।
नीतीश कुमार ने जनता से मुखातिब होते हुए कहा, हम नमन करते हैं कि इन्होंने जाति आधारित जनगणना कराने का फैसला किया। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे इस बड़े कदम के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दें। इसके जवाब में पीएम मोदी ने हाथ जोड़कर जनता का अभिवादन किया।
बिहार के विकास के लिए केंद्र का समर्थन
अपने भाषण में नीतीश कुमार ने केंद्र सरकार द्वारा बिहार को दी जा रही सहायता और विकास परियोजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा, केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार तेजी से प्रगति कर रहा है।" उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में एनडीए सरकार की उपलब्धियों को भी रेखांकित किया।
नीतीश कुमार ने रैली में यह भी कहा कि एनडीए से पहले की सरकारों ने बिहार को अंधकार में रखा था। उन्होंने आरजेडी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पहले लोग अपने घरों से बाहर निकलने में डरते थे। लेकिन आज महिलाओं और युवाओं की भागीदारी के कारण राज्य में नई उम्मीदें जागी हैं।
पीएम मोदी की योजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीवान रैली के दौरान बिहार के लोगों को कई बड़ी योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने पाटलिपुत्र से गोरखपुर के लिए वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इसके अलावा, छपरा के मढ़ौरा फैक्ट्री में बने रेल इंजन को निर्यात के लिए रवाना किया।
पीएम ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत 6684 लाभार्थियों को गृह प्रवेश कराया। उन्होंने मंच से कहा, "यह सरकार सबका साथ, सबका विकास, और सबका विश्वास के मंत्र के साथ काम कर रही है। हमने गरीबों और मध्यम वर्ग के लिए योजनाएं बनाई हैं और उन्हें जमीन पर उतारा है।"
बिहार में राजनीतिक गर्मी
सीवान की इस रैली ने यह साफ कर दिया कि 2024 के चुनावों के मद्देनजर एनडीए पूरी तरह तैयार है। नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी की यह साझा रैली एकता का संदेश देती है।


आँखें न्यूज़ 24 




