Powai Hostage Drama: 17 बच्चों को बंधक बनाने वाले रोहित आर्या की मौत, पुलिस पर की थी फायरिंग

मुंबई के पवई में आर ए स्टूडियो के अंदर 17 बच्चों को बंधक बनाने वाले आरोपी रोहित आर्या की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। आरोपी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर धमकी दी थी। पुलिस ने सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

Powai Hostage Drama: 17 बच्चों को बंधक बनाने वाले रोहित आर्या की मौत, पुलिस पर की थी फायरिंग

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के पवई इलाके में गुरुवार को एक रोमांचक और भयावह घटना घटी। आर ए स्टूडियो में करीब 17 बच्चों को ऑडिशन के बहाने बुलाकर बंधक बना लिया गया। आरोपी की पहचान रोहित आर्या के रूप में हुई है। यह पूरा घटनाक्रम एक घंटे से ज्यादा समय तक चला और इलाके में दहशत का माहौल फैल गया।

सोशल मीडिया पर लाइव धमकी — ‘आग लगा दूंगा अगर बात नहीं हुई’
बताया जाता है कि बच्चों को बंधक बनाने के दौरान आरोपी रोहित आर्या ने सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो जारी किया। वीडियो में उसने कहा कि उसे कुछ खास लोगों से बात करनी है और उसके पास पैसों की कोई मांग नहीं है। उसने चेतावनी दी कि अगर उसकी बात नहीं सुनी गई तो वह स्टूडियो में आग लगा देगा। यह बयान सुनते ही पुलिस हरकत में आई और पूरे इलाके को घेर लिया गया।

पुलिस पर फायरिंग, जवाबी गोली में घायल हुआ आरोपी
घटना की सूचना दोपहर करीब 1.45 बजे मिली। मौके पर पहुंची मुंबई पुलिस ने जब आरोपी से बातचीत की कोशिश की, तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस दौरान रोहित आर्या गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

बच्चों की सकुशल रिहाई, माता-पिता ने ली राहत की सांस
मुंबई पुलिस ने एक जटिल ऑपरेशन चलाकर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि आरोपी के पास से कुछ केमिकल और एयर गन भी बरामद की गई है। सभी बच्चों को मेडिकल जांच के बाद उनके अभिभावकों को सौंप दिया गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस के प्रति आभार जताया और बच्चों के सुरक्षित लौटने पर राहत की सांस ली।

पुलिस जांच में जुटी, आरोपी के मकसद पर सस्पेंस बरकरार
फिलहाल पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर रोहित आर्या ने ऐसा कदम क्यों उठाया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था और खुद को फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा बताता था। घटना स्थल से मिले सबूतों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।