रायबरेली में भावुक हुए राहुल गांधी, दादा फिरोज गांधी का दशकों पुराना ड्राइविंग लाइसेंस देखकर ठहर गईं यादें

रायबरेली दौरे पर राहुल गांधी उस वक्त भावुक हो गए जब उन्हें दादा फिरोज गांधी का दशकों पुराना ड्राइविंग लाइसेंस सौंपा गया। क्रिकेट टूर्नामेंट के मंच से जुड़ा यह भावनात्मक और राजनीतिक पल पढ़ें पूरी खबर।

रायबरेली में भावुक हुए राहुल गांधी, दादा फिरोज गांधी का दशकों पुराना ड्राइविंग लाइसेंस देखकर ठहर गईं यादें
रायबरेली में राहुल गांधी को मंच पर दादा फिरोज गांधी का पुराना ड्राइविंग लाइसेंस देखते हुए

कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी इन दिनों अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दौरे पर हैं। मंगलवार को वह राजीव गांधी खेल स्टेडियम में आयोजित रायबरेली प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट मैच देखने पहुंचे। इसी दौरान एक ऐसा पल सामने आया, जिसने सियासी कार्यक्रम को भावनाओं से भर दिया।

राहुल गांधी को मंच पर उनके दादा और रायबरेली के पूर्व सांसद फिरोज गांधी का दशकों पुराना ड्राइविंग लाइसेंस सौंपा गया। लाइसेंस हाथ में लेते ही राहुल गांधी कुछ क्षणों तक उसे गौर से देखते रहे। भावनात्मक क्षण में उन्होंने तुरंत अपने मोबाइल से उसकी तस्वीर ली और अपनी मां सोनिया गांधी तथा बहन प्रियंका गांधी को व्हाट्सऐप के माध्यम से भेजी।

भरोसे के साथ संभाली गई ऐतिहासिक अमानत
यह ऐतिहासिक ड्राइविंग लाइसेंस सौंपने वाले समाजसेवी विकास सिंह ने बताया कि यह दस्तावेज लंबे समय से रायबरेली में उनकी पत्नी जूही सिंह के पास सुरक्षित था। जूही सिंह समाजवादी पार्टी की महिला विंग की प्रदेश कार्यकारिणी में महासचिव हैं और यह लाइसेंस उन्हें पारिवारिक विश्वास के तौर पर सौंपा गया था।

विकास सिंह ने आगे बताया कि उनकी पत्नी की करीबी मित्र साक्षी त्रिवेदी हैं। साक्षी त्रिवेदी के पिता स्वर्गीय राम कुमार त्रिवेदी को यह इंटरनेशनल ड्राइविंग लाइसेंस दो वर्ष पहले फिरोज गांधी कॉलेज परिसर में हेलीपैड निर्माण के दौरान गिरा हुआ मिला था। उन्होंने इसे बेहद संभालकर रखा और गांधी परिवार तक पहुंचाने का प्रयास किया।

कॉलेज परिसर से गांधी परिवार तक का सफर
राम कुमार त्रिवेदी ने काफी कोशिश की कि यह लाइसेंस सीधे गांधी परिवार तक पहुंचे, लेकिन आम व्यक्ति के लिए यह आसान नहीं हो पाया। अंततः उन्होंने यह जिम्मेदारी अपनी बेटी की सहेली जूही सिंह को सौंपी और कहा कि यदि कभी गांधी परिवार के किसी सदस्य से मिलने का अवसर मिले, तो यह अमानत उन्हें लौटा दी जाए।

आयोजन मंच बना यादगार पल का साक्षी
मंगलवार को राहुल गांधी को रायबरेली प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन करना था। विकास सिंह आयोजन समिति के सदस्य हैं। इसी अवसर पर मंच पर उन्हें फिरोज गांधी का ड्राइविंग लाइसेंस सौंपने का मौका मिला। विकास सिंह के अनुसार, राहुल गांधी का व्यवहार बेहद सरल और अपनापन भरा था।

खेल विकास पर तुरंत एक्शन
विकास सिंह ने बताया कि बातचीत के दौरान उन्होंने राहुल गांधी से रायबरेली में एक क्रिकेट अकादमी शुरू करने और इस खेल मैदान को पूरी तरह क्रिकेट मैदान के रूप में विकसित करने का सुझाव रखा। राहुल गांधी ने तुरंत इस विषय पर बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष राजीव शुक्ला को फोन कर स्थिति से अवगत कराया।

रायबरेली के खिलाड़ियों के लिए नई उम्मीद
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है, लेकिन यहां क्रिकेट संगठनों की संख्या सीमित है। अन्य राज्यों की तरह यहां भी एक से अधिक क्रिकेट संगठन होने चाहिए, ताकि प्रदेश के साथ-साथ रायबरेली के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। राहुल गांधी ने गंभीरता से उनकी बातों को सुना और सहयोग का आश्वासन दिया।