Asia Cup 2025 पर मंडराए संकट के बादल: ACC की बैठक में BCCI और श्रीलंका का बायकॉट; टूर्नामेंट रद्द होने के आसार बढ़े
Asia Cup 2025 पर संकट गहराया, BCCI और श्रीलंका ने ACC की ढाका बैठक का बायकॉट किया। जानिए टूर्नामेंट रद्द होने के पीछे की वजह।
एशिया के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बुरी खबर सामने आ रही है। सितंबर 2025 में होने वाले Asia Cup T20 अब खतरे में दिख रहा है। टूर्नामेंट शुरू होने में महज दो महीने बाकी हैं, लेकिन इसकी राह में बड़ी अड़चन खड़ी हो गई है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने 24 जुलाई को ढाका में होने वाली Asian Cricket Council (ACC) की अहम बैठक में शामिल होने से इनकार कर दिया है। इस फैसले से एशिया कप का भविष्य अधर में लटक गया है।
BCCI को क्यों है आपत्ति?
BCCI और श्रीलंका ने बैठक का बायकॉट ऐसे समय पर किया है, जब टूर्नामेंट की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाना था। दरअसल, BCCI ने ढाका में बैठक बुलाने पर नाराजगी जाहिर की है।
हाल ही में भारत ने बांग्लादेश दौरे को भी अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कराया था, जो अगस्त में होना था। ऐसे में BCCI चाहता था कि ACC की बैठक किसी और देश में हो। बावजूद इसके ACC के मौजूदा अध्यक्ष मोहसिन नकवी (PCB प्रमुख) ने ढाका को ही बैठक का स्थल बनाए रखा। यही बात भारत को नागवार गुजरी।
अब क्या होगा टूर्नामेंट का?
ACC ने हालांकि कहा है कि बैठक तय समय पर होगी। लेकिन भारत और श्रीलंका की गैरमौजूदगी इस टूर्नामेंट की वैधता और आयोजन पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है। दोनों बड़ी टीमें अगर इस बैठक में नहीं आतीं और आगे हिस्सा लेने से इनकार करती हैं, तो टूर्नामेंट रद्द होना तय माना जा रहा है।
5 सितंबर से शुरू होने वाला Asia Cup 2025 इस बार T20 फॉर्मेट में खेला जाना था। इसमें कुल छह टीमें खेलने वाली थीं।


आँखें न्यूज़ 24 




