वैष्णो देवी जाने वाले मार्ग पर हादसा: अर्धकुवारी के पास लैंडस्लाइड, कई श्रद्धालु घायल

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी यात्रा के दौरान बड़ा हादसा। अर्धकुवारी के पास भूस्खलन में कई श्रद्धालु घायल, यात्रा अस्थायी रूप से रोकी गई। पढ़ें पूरी खबर।

वैष्णो देवी जाने वाले मार्ग पर हादसा: अर्धकुवारी के पास लैंडस्लाइड, कई श्रद्धालु घायल

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी जाने वाले मार्ग पर बड़ा हादसा हुआ है। मंगलवार को अर्धकुवारी स्थित इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास अचानक भूस्खलन हो गया। इस दौरान मार्ग पर मौजूद कई श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए। प्रशासन ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

श्राइन बोर्ड ने दी जानकारी
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर जानकारी साझा करते हुए बताया, अर्धकुवारी स्थित इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास भूस्खलन की घटना हुई है। कुछ यात्रियों के घायल होने की आशंका है। राहत-बचाव कार्य जनशक्ति और मशीनरी के साथ जारी है। जय माता दी।

यात्रियों की स्थिति
मौके पर मौजूद सूत्रों के अनुसार, हादसे के समय 12 से 15 यात्री उस स्थान पर मौजूद थे। इनमें से 6 श्रद्धालुओं को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई अन्य लोग मामूली रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

यात्रा रोकी गई
हादसे के तुरंत बाद वैष्णो देवी यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी गई है ताकि बचाव दल प्रभावित क्षेत्र तक आसानी से पहुंच सके। प्रशासन यात्रियों से अपील कर रहा है कि वे धैर्य बनाए रखें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

बारिश बनी वजह
पिछले कुछ दिनों से जम्मू-कश्मीर के पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार भारी बारिश हो रही है, जिसकी वजह से भूस्खलन की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। यह इलाका पहले से ही लैंडस्लाइड प्रोन ज़ोन माना जाता है।