वाराणसी में कार पार्किंग विवाद ने ली जान: सनबीम स्कूल के शिक्षक की ईंट और रॉड से पीट-पीटकर हत्या
वाराणसी के भेलूपुर क्षेत्र में कार पार्किंग विवाद ने भयावह रूप ले लिया। सनबीम स्कूल के शिक्षक डॉ. प्रवीण झा की दबंगों ने ईंट और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे शहर को सदमे में डाल दिया है। मामूली कार पार्किंग विवाद ने इतना भयानक रूप ले लिया कि सनबीम स्कूल (Sunbeam School) के 48 वर्षीय शिक्षक डॉ. प्रवीण झा की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
कब और कहां हुई घटना?
यह वारदात भेलूपुर थाना क्षेत्र के कबीरनगर स्थित मातृ छाया अपार्टमेंट में गुरुवार देर रात घटी। डॉ. झा अपने परिवार के साथ यहीं रहते थे और भगवानपुर स्थित सनबीम स्कूल में पढ़ाते थे।
विवाद से खूनी संघर्ष तक
जानकारी के मुताबिक, डॉ. झा देर रात बाजार से लौटे और अपार्टमेंट के बेसमेंट में अपनी कार पार्क कर रहे थे। तभी कुछ लोगों ने पार्किंग को लेकर आपत्ति जताई। पहले तो उन्होंने कार हटाने की हामी भर दी, लेकिन देखते-देखते बहस इतनी बढ़ गई कि दो दबंगों ने उन्हें मारना-पीटना शुरू कर दिया।
हत्या की खौफनाक कहानी
शुरुआत लात-घूंसों से हुई, लेकिन अचानक आरोपियों ने पास में रखी ईंट उठा ली और डॉ. झा के सिर पर जोरदार वार कर दिया। इसके बाद लोहे की रॉड से लगातार सिर पर वार किए गए। आरोपी तब तक पीटते रहे, जब तक शिक्षक ने दम नहीं तोड़ दिया।
मौके पर अफरातफरी
शोर सुनकर परिवार और अपार्टमेंट के लोग भागकर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो गए। खून से लथपथ डॉ. झा को परिजन लाइफ हॉस्पिटल और फिर गंभीर हालत में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गए। लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की खबर मिलते ही भेलूपुर एसीपी गौरव कुमार मौके पर पहुंचे। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तुरंत दबिश दी और रात में ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि यह पूरा मामला पार्किंग विवाद से जुड़ा है और आरोपी पहले से ही झगड़ालू प्रवृत्ति के थे।
परिवार और क्षेत्र में मातम
डॉ. झा के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि वह बेहद शांत स्वभाव के थे और कभी किसी से विवाद नहीं करते थे। उनकी मौत ने परिवार, छात्रों और पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर महज कार पार्किंग जैसी छोटी सी बात पर किसी की जान लेना कहां तक जायज है।


आँखें न्यूज़ 24 




