जेलेंस्की अमेरिका पहुंचे, ट्रंप से मुलाकात आज; रूस-यूक्रेन युद्ध पर होगी बड़ी चर्चा
यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमीर जेलेंस्की अमेरिका पहुंच गए हैं। वह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे और रूस-यूक्रेन युद्ध पर चर्चा करेंगे। जेलेंस्की ने कहा कि रूस को यह युद्ध खत्म करना होगा और अमेरिका-यूरोप के सहयोग से असली शांति स्थापित होगी।
वॉशिंगटन पहुंचते ही यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोदिमीर जेलेंस्की ने ऐलान किया कि उनकी मुलाकात आज अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से होने वाली है। इस दौरान यूरोपीय नेताओं के साथ भी उनकी बातचीत तय है।
अमेरिका का दौरा, ट्रंप से मुलाकात का इंतजार
जेलेंस्की ने राष्ट्रपति ट्रंप का निमंत्रण देने के लिए आभार जताया और कहा कि यूक्रेन की सबसे बड़ी प्राथमिकता युद्ध का सुरक्षित और स्थायी अंत है। उन्होंने साफ कहा कि "हम शांति चाहते हैं, लेकिन वैसी नहीं जैसी पहले थोपी गई थी, जब हमें क्रीमिया और डोनबास जैसे हिस्सों को छोड़ने के लिए मजबूर किया गया।"
1994 की सुरक्षा गारंटी का जिक्र
सोशल मीडिया पोस्ट में जेलेंस्की ने याद दिलाया कि 1994 में भी यूक्रेन को 'सुरक्षा गारंटी' दी गई थी, लेकिन वह बेकार साबित हुईं। उन्होंने कहा कि क्रीमिया कभी छोड़ा नहीं जाना चाहिए था। "जैसे 2022 के बाद यूक्रेनियों ने कीव, ओडेसा और खारकीव को नहीं छोड़ा।"
डोनेट्स्क और सुमी में सफलता
जेलेंस्की ने बताया कि यूक्रेनी सैनिक इस समय डोनेट्स्क और सुमी क्षेत्रों में सफलता हासिल कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि यूक्रेन अपनी आज़ादी की रक्षा करेगा और इसके लिए अमेरिका और राष्ट्रपति ट्रंप के सहयोग को हमेशा याद रखेगा।
रूस को युद्ध खत्म करना होगा
जेलेंस्की ने एक बार फिर रूस पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा, "यह युद्ध रूस ने शुरू किया है और उसे ही खत्म करना होगा। मुझे उम्मीद है कि अमेरिका और यूरोप के सहयोग से रूस को असली शांति के लिए मजबूर होना पड़ेगा।"


आँखें न्यूज़ 24 




