मंगल ग्रह पर एलियन!

मंगल ग्रह पर एलियन!

क्या मंगल ग्रह पर एलियन हैं? जी हां ये चर्चा जोर शोर से हो रही है। चर्चा का कारण है एक ब्लॉग राइटर, जिसने दावा किया है कि उसने मंगल ग्रह पर लटके हुए एक व्यक्ति को देखा है। ब्लॉगर ने नासा द्वारा जारी की गई एक इमेज को गहराई से देखने के बाद यह खुलासा किया है। सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों के अनुसार, नासा के मार्स रोवर पर्सवेरेंस ने मंगल ग्रह पर एक एलियन को देखा है।

ये अफवाहें तब शुरू हुईं जब एक ब्लॉग राइटर ने सुझाया कि उसने मंगल ग्रह पर एक लटके हुए व्यक्ति को देखा। दावा किया कि नासा के रोवर ने पिछले साल जो इमेज भेजी थीं, उनमें से एक में चट्टानों के बीच सतह पर एलियन लेटा हुआ था। इस पर कई लोगों ने कहा कि यह मंगल ग्रह पर जीवन के संकेत को साबित करता है।

अपने ब्‍लॉग में वारिंग ने उस कथित एलियन के बारे में भी बताया। कहा कि ‘एलियन' 1 फुट लंबा था और लेटा हुआ था। उसकी ऊपरी छाती, गर्दन और चेहरा गुलाबी था। उसने गहरे रंग का सूट पहना था। कहा कि उसके कंधे पर ग्रे कलर की कोई चीज है। अटकलों से भरी इस इमेज को ऑनलाइन GigaPan पर देखा जा सकता है।

लेखक ने उस इमेज में एलियन के मौजूद होने का भरसक दावा किया, लेकिन Independent की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि यह कोई वैज्ञानिक सफलता नहीं है बल्कि सिर्फ एक ट्रिक है, जिसका इस्तेमाल करके मंगल ग्रह पर जीवन के बारे में कई बार दावा किया जा चुका है। इस घटना को ‘पेरिडोलिया' के रूप में जाना जाता है। यह वैसा ही है, जैसे इंसान बादलों या तारों में कई बार काल्‍पनिक चीजों को देखता है। अक्‍सर लोग जब इस तरह की इमेज देखते हैं, तो भटक जाते हैं।

हाल ही में Chinese Yutu-2 चंद्रमा पर एक ‘मिस्ट्री हाउस' की खोज करता हुआ दिखाई दिया था। असल में वह एक अजीब आकार की चट्टान थी। दरअसल एलियन की मौजूदगी को लेकर तरह-तरह के दावे किए जा चुके हैं। आम लोग भी एलियन की मौजूदगी के विषय में जानने को लेकर उत्सुक रहते हैं और इसी उत्सुकता में कहानियों का जन्म होता है।