IB चीफ तपन डेका पर मोदी सरकार ने फिर जताया भरोसा, जून 2026 तक बढ़ा सेवा विस्तार
तपन डेका हिमाचल प्रदेश कैडर के 1988 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी हैं। खुफिया प्रणाली में उनकी गहरी पकड़ और अनुभव को देखते हुए सरकार ने उन्हें एक बार फिर इस जिम्मेदारी को निभाने का मौका दिया है।
खुफिया ब्यूरो (आईबी) के प्रमुख के रूप में आतंकवाद निरोधी विशेषज्ञ तपन कुमार डेका का कार्यकाल मंगलवार को जून 2026 तक और एक साल के लिए बढ़ा दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली मंत्रिमंडलीय नियुक्ति समिति ने उनके सेवा विस्तार को मंजूरी दी। यह डेका का लगातार दूसरा सेवा विस्तार है। उन्हें पहली बार जून 2022 में आईबी प्रमुख नियुक्त किया गया था और अब उन्हें दूसरी बार सेवा विस्तार दिया गया था।
तपन डेका हिमाचल प्रदेश कैडर के 1988 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी हैं। खुफिया प्रणाली में उनकी गहरी पकड़ और अनुभव को देखते हुए सरकार ने उन्हें एक बार फिर इस जिम्मेदारी को निभाने का मौका दिया है। यह निर्णय ऐसे समय आया है जब हाल ही में पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में भारत की जवाबी कार्रवाई और जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले जैसे घटनाक्रमों ने देश की आंतरिक सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
तपन डेका को खुफिया एजेंसियों और सुरक्षा हलकों में एक अत्यंत विश्वसनीय, कुशल और शांत नेतृत्वकर्ता के रूप में जाना जाता है। उन्होंने आईबी की ऑपरेशंस विंग का दो दशक से भी अधिक समय तक नेतृत्व किया है। 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के दौरान उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। इसके अलावा, इंडियन मुजाहिदीन और इस्लामिक कट्टरपंथ से जुड़े कई मामलों में उनके अभियानों को निर्णायक माना जाता है।
खासकर जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर भारत में आतंकी नेटवर्क को तोड़ने और रणनीतिक सूचनाएं जुटाने में उनकी कार्यकुशलता की प्रशंसा होती रही है। यही वजह है कि वर्तमान परिस्थितियों में जब देश को सीमा पार आतंकवाद और कट्टरपंथ से जुड़ी नई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है तब एक अनुभवी अधिकारी पर फिर से भरोसा जताया गया है।


आँखें न्यूज़ 24 




