अहमदाबाद विमान हादसा: रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, किसी के बचने की उम्मीद नहीं

एयर इंडिया का अहमदाबाद से लंदन जा रहा विमान क्रैश। 242 यात्रियों और 12 क्रू मेंबर्स के साथ हुए इस हादसे में बचने की संभावना बेहद कम। सेना और वायुसेना का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी।

अहमदाबाद विमान हादसा: रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, किसी के बचने की उम्मीद नहीं
air india plane crash

गुरुवार को अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान टेकऑफ के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। एयर इंडिया का यह B787 ड्रीमलाइनर विमान 242 यात्रियों को लेकर रवाना हुआ था। हादसे के बाद विमान आग का गोला बन गया। अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर जी.एस. मलिक ने हादसे की भयावहता पर चिंता जताई और बताया कि किसी के बचने की संभावना बेहद कम है।

रेस्क्यू ऑपरेशन: सेना और वायुसेना जुटी
रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए सेना और वायुसेना ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 40 से अधिक एंबुलेंस और मेडिकल स्टाफ तैनात किए हैं। दो सैन्य अस्पतालों को भी राहत कार्यों में लगाया गया है। डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ घायलों को चिकित्सकीय सहायता प्रदान कर रहे हैं।

पढ़ें: अहमदाबाद विमान हादसा: बॉलीवुड और खेल जगत ने जताया शोक, सलमान खान ने कैंसिल किया इवेंट

एयरपोर्ट संचालन सामान्य
घटना के बाद अहमदाबाद एयरपोर्ट को कुछ समय के लिए बंद किया गया था। जांच और साफ-सफाई के बाद एयरपोर्ट को दोबारा चालू कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा मानकों का पूरा पालन किया जा रहा है और उड़ान सेवाएं सामान्य हो चुकी हैं।

मेडिकल कॉलेज इमारत को भारी नुकसान
विमान क्रैश एक मेडिकल कॉलेज की इमारत से टकराकर हुआ, जिससे कॉलेज भवन को गंभीर क्षति पहुंची। घटना के समय कई छात्र और स्टाफ सदस्य इमारत में मौजूद थे। राहत और बचाव दल ने तुरंत मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया।

पढ़ें: प्लेन क्रैश में किस सीट पर बैठे यात्रियों के बचने की संभावना होती है ज्यादा? जानें

प्रत्यक्षदर्शियों की आपबीती
घटना के बारे में रमीला नाम की महिला ने बताया कि उनका बेटा लंच ब्रेक में हॉस्टल में था। हादसे के वक्त वह दूसरी मंजिल से कूद गया, जिससे उसे चोटें आईं। उन्होंने अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में बेटे से मुलाकात की।

दुर्घटना में शामिल 12 क्रू मेंबर्स की जानकारी
कप्तान: सुमीत सभरवाल  – कर्मचारी संख्या: 80006359
फर्स्ट ऑफिसर: क्लाइव कुंदर  – कर्मचारी संख्या: 80038104
सीनियर केबिन क्रू: श्रद्धा धवन, अपर्णा महाडिक
केबिन क्रू: सईनीता चक्रवर्ती, नगंथोई शर्मा, दीपक पाठक, मैथिली पाटिल, इरफान शेख, लामनुनथेम सिंग्सन, रोशनी सोनगारे, मनीषा थापा

एयर इंडिया का आधिकारिक बयान
हादसे के बाद एयर इंडिया ने अपने सोशल मीडिया हैंडल को ब्लैक कर दिया है। कंपनी ने यात्रियों और क्रू मेंबर्स के प्रति संवेदना व्यक्त की है। रेस्क्यू ऑपरेशन समाप्त होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।