बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के लिए दिन और समय तय, ऊर्जा विभाग ने सख्ती से लागू किया ‘Ease of Living’
बिहार में बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए ऊर्जा विभाग ने हर सोमवार और शुक्रवार जन-सुनवाई तय की है। HT/LTIS उपभोक्ताओं के लिए ओपन हाउस मीटिंग भी अब शुक्रवार को होगी।
बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें संकल्प ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ के तहत बिजली उपभोक्ताओं को त्वरित राहत देने की दिशा में ऊर्जा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। इसी कड़ी में ऊर्जा विभाग के सचिव एवं बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक मनोज कुमार सिंह ने सभी आपूर्ति अंचल कार्यालयों के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक की। बैठक में उपभोक्ताओं की शिकायतों के समयबद्ध और संवेदनशील समाधान पर विशेष जोर दिया गया।
हर सोमवार और शुक्रवार को अनिवार्य जन-सुनवाई
बैठक के दौरान ऊर्जा सचिव ने निर्देश दिया कि सभी अंचल कार्यालयों के अधिकारी हर सोमवार और शुक्रवार को अनिवार्य रूप से कार्यालय में उपस्थित रहकर बिजली उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनें और उनका समाधान करें। तय कार्यक्रम के अनुसार, सोमवार को दोपहर 12:30 बजे से 2:00 बजे तक और शुक्रवार को दोपहर 3:00 बजे से 4:30 बजे तक शिकायतों की सुनवाई होगी। यह व्यवस्था 19 जनवरी 2026 से पूरे राज्य में लागू कर दी जाएगी।
सम्मानजनक व्यवहार और बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य
ऊर्जा सचिव मनोज कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं से सम्मानपूर्वक संवाद किया जाए और उनकी शिकायतों को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुना जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कार्यालयों में बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ पेयजल, शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही, प्राप्त सभी शिकायतों का विधिवत पंजीकरण कर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी।
HT/LTIS उपभोक्ताओं के लिए ओपन हाउस की नई व्यवस्था
उद्योगों और बड़े उपभोक्ताओं को राहत देने के उद्देश्य से बिहार सरकार ने HT और LTIS उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए ओपन हाउस मीटिंग की व्यवस्था में भी बदलाव किया है। अब यह बैठक गुरुवार की बजाय प्रत्येक शुक्रवार को विद्युत भवन, पटना में आयोजित की जाएगी। बैठक का समय दोपहर 3:00 बजे से 4:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
निवेशकों की समस्याओं का त्वरित समाधान का भरोसा
ओपन हाउस मीटिंग में ऊर्जा विभाग के सचिव, साउथ और नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सहित सभी वरीय अधिकारी मौजूद रहेंगे। ऊर्जा सचिव ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य औद्योगिक उपभोक्ताओं और निवेशकों की समस्याओं को बिना देरी के और सम्मानजनक तरीके से हल करना है, ताकि राज्य में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।


आँखें न्यूज़ 24 




