बिहार में नहीं चलेगी ‘गंदी राजनीति’: शांभवी चौधरी का केजरीवाल पर वार, राहुल पर भी हमला
बिहार चुनाव से पहले मतदाता सूची रिवीजन पर गरमाई सियासत। शांभवी चौधरी ने राहुल गांधी को बताया हार का बहाना ढूंढ़ने वाला। केजरीवाल पर भी बोला हमला। पीएम मोदी को घाना में सम्मान पर दी बधाई। पढ़ें पूरी खबर।
बिहार में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक तापमान चढ़ गया है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की युवा सांसद शांभवी चौधरी ने इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला।
शांभवी ने राहुल गांधी की आपत्ति को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि यह कांग्रेस की संभावित हार को छुपाने का बहाना है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, जहां तक हमें याद है, राहुल गांधी खुद कई बार मतदाता सूची के रिवीजन की मांग कर चुके हैं। यह एक सामान्य और लोकतांत्रिक प्रक्रिया है ताकि वोटर लिस्ट सही और पारदर्शी रह सके। अब जब चुनाव नजदीक आ गए हैं, तो इस पर आपत्ति जताना इस बात का संकेत है कि राहुल गांधी पहले ही हार मान चुके हैं और जनता को जवाब देने के लिए बहाने ढूंढ़ रहे हैं।
सांसद ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा समय-समय पर मतदाता सूची का अद्यतन लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है। इससे गलतियां सुधरती हैं और निष्पक्ष चुनाव कराना संभव हो पाता है।
केजरीवाल पर सीधा निशाना: बिहार में नहीं चलेगी 'गंदी राजनीति'
शांभवी चौधरी ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर भी तीखा वार किया। केजरीवाल के बिहार विधानसभा चुनाव में अकेले उतरने के ऐलान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा — लोकतंत्र की खूबसूरती यह है कि कोई भी कहीं से चुनाव लड़ सकता है, लेकिन केजरीवाल जी को यह समझना चाहिए कि दिल्ली में उन्होंने शासन का जैसा हाल किया, वैसा ही बिहार में न हो। दिल्ली की जनता भ्रष्टाचार, गंदगी और बदहाल सेवाओं से त्रस्त है। बिहार अब विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और हमारी जनता उनकी गंदी राजनीति को कतई स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने दो टूक कहा — हम केजरीवाल को सलाह देंगे कि अपनी राजनीति दिल्ली तक ही सीमित रखें। बिहार की जनता उनके झांसे में नहीं आने वाली।
PM मोदी को घाना के सर्वोच्च सम्मान पर दी बधाई: भारत के लिए गर्व
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घाना में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किए जाने पर भी शांभवी चौधरी ने खुशी जताई। उन्होंने कहा — यह हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। घाना जैसे देश ने उन्हें सर्वोच्च सम्मान दिया है, यह भारत की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को दर्शाता है।
सांसद ने आगे कहा कि यह सम्मान केवल प्रधानमंत्री मोदी का नहीं बल्कि हर भारतीय का सम्मान है। आज भारत का नेतृत्व ऐसा व्यक्ति कर रहा है, जिसे पूरी दुनिया सिर आंखों पर बिठा रही है।


आँखें न्यूज़ 24 




