बिहार में गैस संकट! मुकेश सहनी का तंज—कहीं फिर सिलेंडर पिटवाने की नौबत न आ जाए
बिहार में रसोई गैस की कथित किल्लत को लेकर मुकेश सहनी ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने गैस की कमी, लंबी कतार और कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से हस्तक्षेप की मांग की।
बिहार में रसोई गैस की कथित किल्लत को लेकर विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक मंत्री मुकेश सहनी ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार बार-बार यह दावा कर रही है कि रसोई गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है। उनके अनुसार आज गांवों से लेकर कस्बों और शहरों तक लोग गैस सिलेंडर के लिए भटकते नजर आ रहे हैं और आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कोरोना काल की याद दिलाते हुए तंज
मुकेश सहनी ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि कहीं ऐसा न हो कि गैस की कमी को छिपाने के लिए सरकार वही तरीका अपनाए जो कोरोना काल में अपनाया गया था। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि अगर सिलेंडर नहीं मिल रहा है तो सरकार लोगों से खाली गैस सिलेंडर ही पिटवाना शुरू करवा दे, शायद इससे ही समस्या खत्म हो जाए।
कतारें और कालाबाजारी की शिकायत
उन्होंने कहा कि राज्य के कई जिलों में गैस सिलेंडर पाने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं। कई जगहों पर लोगों को मजबूरी में अधिक कीमत देकर गैस सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है। इसके अलावा कुछ गैस कंपनियां ई-केवाईसी के नाम पर उपभोक्ताओं को परेशान कर रही हैं, जिससे लोगों की दिक्कत और बढ़ गई है।
तुरंत कार्रवाई की मांग
वीआईपी प्रमुख ने सरकार से इस पूरे मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो घरों में खाना बनाना भी मुश्किल हो सकता है और गैस की कमी से कालाबाजारी बढ़ने का खतरा भी पैदा हो जाएगा।
मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की अपील
मुकेश सहनी ने कहा कि पहले से ही महंगी गैस का बोझ झेल रहे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए यह स्थिति दोहरी मार साबित हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से आग्रह किया कि वह खुद इस मामले में संज्ञान लें, जमीनी स्तर पर जांच करवाएं और जल्द कदम उठाकर स्थिति को नियंत्रण में लाएं, नहीं तो हालात और बिगड़ सकते हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




